हरियाणा में यहां लगेगा मुख्यमंत्री परिवार अंत्योदय उत्थान 2.0 मेला, 47 से अधिक सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
Udaipur Times, Haryana News, फरीदाबाद : हरियाणा सरकार द्वारा पात्र परिवारों को स्वरोजगार, रोजगार, कौशल विकास तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 26 जुलाई को फतेहपुर बिल्लौच में प्रातः 10:00 बजे से शाम : 05:00 बजे तक मुख्यमंत्री परिवार अंत्योदय उत्थान 2.0 मेला आयोजित किया जाएगा। वही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
अंत्योदय मेलों की ऑपरेशनल तैयारियों एवं तकनीकी प्रक्रियाओं के तहत आज अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण सत्र में सीएमजीजीए देव वत्स ने मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना के मोबाइल ऐप एवं पोर्टल का डेमो प्रस्तुत किया। उन्होंने अधिकारियों एवं काउंसलिंग टीम को लॉगिन प्रक्रिया, फैमिली आईडी के माध्यम से लाभार्थियों की खोज, विभिन्न योजनाओं में नामांकन, डेटा एंट्री तथा पोर्टल की अन्य तकनीकी सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार योजनाओं से जोड़कर पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान सीएमजीजीए देव वत्स ने बताया कि काउंसलिंग टीम मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना ऐप के माध्यम से लाभार्थियों की फैमिली आईडी सर्च कर उनकी पात्रता के अनुसार संबंधित योजना का चयन कर ऑनलाइन विभाग को भेजेगी। साथ ही फिजिकल फॉर्म पर योजना का नाम एवं काउंटर नंबर अंकित किया जाएगा, ताकि लाभार्थी को संबंधित विभाग तक आसानी से पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि लाभार्थी की आयु, श्रेणी, व्यवसाय, रुचि एवं आवश्यकता के आधार पर उपयुक्त योजना का चयन किया जाएगा। मेले में हरियाणा महिला विकास निगम, पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण निगम, अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम, पशुपालन विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि काउंसलिंग टीम लाभार्थियों को सही योजना तक पहुंचाएगी, जबकि ऋण, सब्सिडी, दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया संबंधी जानकारी संबंधित विभाग उपलब्ध कराएंगे।
मुख्यमंत्री परिवार अंत्योदय उत्थान 2.0 मेले में विभिन्न विभागों एवं निगमों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मेले में हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा कृषि, औद्योगिक, व्यापारिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र के लिए ऋण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। हरियाणा पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण निगम द्वारा पिछड़े वर्गों, स्वयं सहायता समूहों तथा दिव्यांगजनों के लिए स्वरोजगार एवं ऋण योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा डेयरी इकाइयों की स्थापना, पशुपालन तथा बकरी पालन से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, जबकि हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ लिमिटेड द्वारा डेयरी दूध की खरीद एवं डेयरी सुविधा संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार हरियाणा महिला विकास निगम द्वारा महिलाओं के लिए स्वरोजगार, व्यक्तिगत ऋण, महिला स्वयं सहायता समूह एवं पारिवारिक ऋण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल हित से संबंधित योजनाओं तथा हरियाणा कौशल विकास निगम द्वारा युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण, रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। रोजगार विभाग द्वारा सक्षम युवा योजना एवं मुख्यमंत्री परिवार अंत्योदय उत्थान योजना (MMPAUY) के अंतर्गत निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी।
मेले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम निदेशालय द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन (PMFME) योजना, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा रूरल रिटेल स्टोर, उद्यान विभाग द्वारा मधुमक्खी पालन एवं मशरूम खेती, मत्स्य पालन विभाग द्वारा मत्स्य पालन एवं संबंधित योजनाएं तथा हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण आजीविका से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा ग्रामीण विकास विभाग, हरियाणा डेयरी सोसायटी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), शहरी स्थानीय निकाय विभाग की पीएम स्वनिधि योजना, विकास एवं पंचायत विभाग तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार, प्रशिक्षण एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजनाओं का भी लाभ पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराया जाएगा।
सीएमजीजीए देव वत्स ने सभी काउंसलरों से लाभार्थियों की श्रेणी, पात्रता एवं विभाग का चयन करते समय विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी शंका की स्थिति में वरिष्ठ अधिकारियों या विभागीय प्रतिनिधियों से मार्गदर्शन लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि यदि किसी लाभार्थी को मेले में उपयुक्त योजना नहीं मिलती है, तो वह वर्षभर संबंधित विभाग के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन कर सकता है। साथ ही दिव्यांगजन, महिलाओं, युवाओं एवं अन्य पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने क्षेत्र के सभी पात्र परिवारों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों एवं बेरोजगार युवाओं से अपील की कि वे 26 जुलाई को आयोजित मुख्यमंत्री परिवार अंत्योदय उत्थान मेले में पहुंचकर विभिन्न विभागों की 47 से अधिक योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता के अनुसार आवेदन कर सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सहायता, ऋण, अनुदान, प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाएं।
