हरियाणा के सीएम सैनी ने दी 78 करोड़ रुपये की सौगात, देखें सभी कार्यों की लिस्ट ?
Udaipur Times, Haryana News, बवानीखेड़ा : प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी छह सितंबर को बवानीखेड़ा में विकास संकल्प जनसभा के दौरान करीब 78 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सात विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें तीन परियोजनाओं का शिलान्यास और चार परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। इन परियोजनाओं से विशेषकर बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, सडक़, शिक्षा एवं पेयजल सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि कस्बा बवानीखेड़ा अनाज मंडी में छह सितंबर को सुबह दस बजे विकास संकल्प जनसभा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। जनसभा की अध्यक्षता विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि कर रहे हैं। डीसी साहिल गुप्ता की देखरेख में जनसभा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। डीसी श्री गुप्ता द्वारा सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि जनसभा में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। वहीं दूसरी ओर पंडाल में लोगों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। महिलाओं और पुरुषों के बैठने के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं। सुरक्षा व व्यवस्था की दृष्टि से बेरीकेडिंग की गई है।
डीसी साहिल गुप्ता ने बताया कि जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आयुष विभाग के गांव प्रेम नगर में पंडित दीन दयाल उपाध्याय के नाम से 25 बिस्तरों के आयुर्वेदिक अस्पताल का शिलान्यास करेंगे, जिस पर 9 करोड़ 59 लाख 93 हजार रुपये की लागत आएगी। इसी प्रकार पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) विभाग के तहत गांव नाथूवास से गुजरानी होते हुए बामला तक 3.20 किमी. लंबी तक नई लिंक रोड़ का शिलान्यास किया जाएगा, जिस पर करीब एक करोड़ 58 लाख 59 हजार रुपए खर्च होंगे।
मुख्यमंत्री द्वारा गांव गुजरानी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भवन का उद्घाटन किया जाएगा, जिस पर 3 करोड़ 51 लाख 25 हजार रुपए की लागत आई है। इसी प्रकार से गांव कलिंगा में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए स्कूल भवन का उद्घाटन किया जाएगा, जिस पर 2 करोड़ 62 लाख 77 हजार रुपए की राशि खर्च हुई है।
उन्होंने बताया कि जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा सिवानी उपमंडल के गांव खेड़ा में तहसील कार्यालय परिसर, कैनाल रेस्ट हाउस एवं स्टाफ रेजिडेंशियल बिल्डिंग का उद्घाटन किया जाएगा, जिस पर 16 करोड़ 98 लाख 17 हजार रुपये की लागत आई है। इसी प्रकार बवानीखेड़ा कस्बे की जलापूर्ति योजना के समुचित स्वच्छ व पर्याप्त पेयजल प्रबंधन परियोजना पर 29 करोड़ 89 लाख रुपये खर्च हुए हैं, जिसका मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा उद्घाटन किया जाएगा। मुख्यमंत्री गांव बलियाली में करीब चार करोड़ 72 लाख 56 हजार रुपए की राशि से बनने वाले प्राथमिक हेल्थ सेंटर की आधारशिला भी रखेंगे।