हरियाणा के CM सैनी ने सुपर-100 अभिनंदन कार्यक्रम में की दो बड़ी घोषणाएं, विद्यार्थियों को मिलेगी ये सुविधाएं
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार देर सायं चंडीगढ़ में आयोजित हरियाणा सुपर-100 अभिनंदन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने हरियाणा सुपर-100 योजना के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों पर बधाई देते हुए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुनियाद योजना के तहत वर्तमान में संचालित 103 केंद्रों में 25 नए केंद्र जोड़े जाएंगे, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने कुरुक्षेत्र स्थित सुपर-100 सेंटर को 100 नए कंप्यूटर उपलब्ध कराने की भी घोषणा की इस मौके पर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री, श्री मनोहर लाल भी मौजूद रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अपने सामने नए भारत का एक चमकता हुआ भविष्य देख रहा हूं। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा सुपर-100 के बच्चों ने अपनी कड़ी मेहनत, संकल्प और पुरुषार्थ से यह सिद्ध कर दिया है कि वे देश का भाग्य बदलने की क्षमता रखते हैं।उन्होंने कहा कि देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन मानी जाने वाली आईआईटी-जेईई (IIT-JEE) परीक्षा उत्तीर्ण कर इन मेधावी विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि यदि हौसला बुलंद हो तो हर बाधा को पार कर सुपर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों, उनके माता-पिता तथा गुरुजनों को इस उल्लेखनीय सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा कि हरियाणा सुपर-100 योजना की शुरुआत इस सोच के साथ की गई थी कि धन और संसाधनों की कमी कभी भी किसी मेधावी विद्यार्थी की प्रतिभा के मार्ग में बाधा नहीं बननी चाहिए। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी क्षमता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले ग्रामीण पृष्ठभूमि के बच्चों को भी उच्च शिक्षा के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध हो, आज सुपर 100 इसे सार्थक कर रहा है
मुख्यमंत्री ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की सूची में प्रदेश की बेटियां अग्रिम पंक्ति में खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि यह सभी बेटियां पूरे प्रदेश की अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और उनकी उपलब्धियां समाज के लिए गर्व का विषय हैं।
उन्होंने इस अवसर पर हरियाणा सुपर-100 के शिक्षकों की भी विशेष सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने इन बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं दिया, बल्कि उनके भीतर छिपे आत्मविश्वास और विश्वास को भी जागृत किया, जिसके परिणामस्वरूप आज ये विद्यार्थी नई ऊंचाइयों तक पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि वर्ष 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बने। उन्होंने कहा कि इस विकसित भारत की भव्य इमारत का निर्माण आप जैसे होनहार, प्रतिभाशाली और तकनीकी रूप से सक्षम युवा करेंगे। आपकी बुद्धिमत्ता, नवाचार और खोज मेक इन इंडिया तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि हरियाणा सुपर-100 के विद्यार्थी भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, परिश्रम और नवाचार के बल पर प्रदेश और देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
हरियाणा सुपर-100 बना प्रतिभाओं की उड़ान का सशक्त मंच, 534 विद्यार्थियों ने IIT-NEET जैसी परीक्षाओं में हासिल की सफलता- केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल
हरियाणा सुपर-100 अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्ष 2015 में उनकी सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार लाने के उद्देश्य से मेरिट को मिशन बनाया। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य था कि प्रत्येक प्रतिभाशाली विद्यार्थी को उसकी योग्यता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बिना खर्ची, बिना पर्ची के सिद्धांत पर सरकारी नौकरियां देने की व्यवस्था लागू की तथा योग्यता के आधार पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रतिभा और मेहनत को ही सफलता का आधार बनाया।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार और श्री नवीन मिश्रा के संयुक्त प्रयासों से सुपर-100 योजना की शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में उनकी सरकार ने योग्यता के आधार पर 18,218 सरकारी नौकरियां प्रदान कीं, जो पारदर्शी एवं मेरिट आधारित भर्ती व्यवस्था का प्रमाण है।
श्री मनोहर लाल ने कहा कि सुपर-100 कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक 534 विद्यार्थियों ने IIT एवं NEET जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर हरियाणा का नाम रोशन किया है। उन्होंने इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण तथा सरकार की दूरदर्शी पहल का परिणाम बताया।केंद्रीय मंत्री ने कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा उनके अभिभावकों को भी इस सफलता पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सुपर-100 योजना आगे भी हरियाणा के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देती रहेगी। उन्होंने कहा की सरकार ने गांव गांव मे लाइब्रेरी खोलने का संकल्प लिया है।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के आयुक्त एवं सचिव विजय दहिया, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यशपाल यादव,महानिदेशक जितेंद्र दहिया, महानिदेशक सूचना जन संपर्क एवं भाषा विभाग के एम पांडुरंग, अतिरिक्त निदेशक मनीष लोहान, मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय, विकल्प फाउंडेशन के संस्थापक नवीन मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
