हरियाणा के पदक विजेता खिलाड़ियों को सीएम देंगे 20.59 करोड़ रुपये का नकद इनाम

 | 
हरियाणा के पदक विजेता खिलाड़ियों को सीएम देंगे 20.59 करोड़ रुपये का नकद इनाम

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा को खेल हब के रूप में और मजबूत करने की दिशा में कल एक भव्य समारोह का आयोजन होने जा रहा है। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।  7 जुलाई 2026 को प्रातः 11 बजे, लोक निर्माण विश्राम गृह, पंचकूला के ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहराने वाले खिलाड़ियों के लिए एक भव्य नकद इनाम वितरण समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें श्री सैनी मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि होंगे।

खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने बताया कि इस समारोह के दौरान विभिन्न विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं, पैरा एशियन खेल 2022 और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने व प्रतिभागिता करने वाले कुल 198 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 20.59 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि सीधे उनके खातों में आवंटित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं के 117 खिलाड़ियों को 13.75 करोड़ रुपये, पैरा एशियन खेल 2022 के 3  खिलाड़ियों को 2.32 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय स्तर की  प्रतियोगिताओं के  78 खिलाड़ियों को 4.52 करोड़ रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार खिलाड़ियों के पसीने की हर बूंद का सम्मान करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह नकद इनाम हमारे युवाओं की कड़ी मेहनत और उनके माता-पिता व कोचों के त्याग का प्रतिफल है। माननीय मुख्यमंत्री महोदय और मेरे कर-कमलों द्वारा यह राशि खिलाड़ियों को सौंपी जाएगी, जो राज्य में खेल संस्कृति को एक नई ऊंचाई देगी।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News