हरियाणा में सीएम विंडो की शिकायतों को लेकर सख्ती, एक महीने से ज्यादा दिन तक लंबित ना रखे शिकायतें

 | 

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा के गुरुग्राम में डीसी उत्तम सिंह ने सीएम विंडो पोर्टल की शिकायतों को लेकर सख्ती दिखाई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो पोर्टल से संबंधित किसी भी शिकायत को एक महीने से अधिक लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग शिकायतों के समाधान को प्राथमिकता देते हुए तय समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। 

डीसी मंगलवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक के उपरांत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। बैठक में सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन भी उपस्थित रहे।

डीसी उत्तम सिंह ने विभागवार शिकायतों की पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी शिकायतों की सुनवाई निर्धारित अवधि में करें तथा समय पर उनकी एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है, इसलिए एटीआर अपलोड करने से पूर्व एमिनेंट पर्सन को मूल्यांकन के लिए पर्याप्त समय दिया जाए।

डीसी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास होना चाहिए कि सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों की पेंडेंसी शून्य रहे और आमजन को उनकी शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक समाधान मिले। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक के दौरान डीसी ने एमिनेंट पर्सन से भी सुझाव आमंत्रित किए तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने पर चर्चा की।

सीएम विंडो शिकायत निवारण में गुरुग्राम प्रदेश में दूसरे स्थान पर

सीएम विंडो शिकायत निवारण की समीक्षा बैठक में गुरुग्राम जिला प्रदेश के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जिलों में शामिल रहा। 18 मई 2026 तक के ओवरऑल कंपोजिट स्कोर में गुरुग्राम ने 81 अंक प्राप्त कर राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया। डीसी उत्तम सिंह ने इस उपलब्धि पर अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी विभाग इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहें ताकि शिकायतों के समाधान की गति और गुणवत्ता दोनों बनी रहें।

बैठक में एडीसी सोनू भट्ट, सीटीएम ज्योति नागपाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News