हरियाणा कांग्रेस में 16 ब्लाक अध्यक्षों की छुट्टी की तैयारी, पार्टी ने भेजे कारण बताओ नोटिस
Udaipur Times, New Delhi : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा कांग्रेस में संगठन को हलके में लेने वाले पार्टी पदाधिकारियों के प्रति शीर्ष नेतृत्व ने सख्त रुख अपना लिया है। संगठनात्मक निर्देशों की लगातार अनदेखी करने और निर्धारित समय में ब्लाक कांग्रेस कमेटियों के सम्मेलन आयोजित नहीं करने वाले 16 ब्लाक अध्यक्षों को पद से हटाने की तैयारी है। प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। जवाब संतोषजनक नहीं होने पर इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पद से हटाया जा सकता है।
इस कार्रवाई को प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की संगठन पर पकड़ मजबूत करने और पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व ने साफ कर दिया है कि संगठन में पद पर बने रहने के लिए केवल राजनीतिक सक्रियता का दावा पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि सौंपे गए संगठनात्मक काम भी समय पर पूरे करने होंगे। इससे उन पदाधिकारियों को भी संदेश देने की कोशिश है, जो प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। Chandigarh News
राज्य में कई जिलाध्यक्ष ऐसे हैं, जो कांग्रेस की प्रदेश लीडरशिप की अपेक्षा के अनुरूप काम नहीं कर रहे हैं, जबकि कई जिला प्रधान बढ़िया काम कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह की ओर से भेजे गए नोटिसों के अनुसार, पहले 10 अक्टूबर तक ब्लाक सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद समय-सीमा बढ़ाकर 24 अक्टूबर की गई। 'वोट बचाओ-देश बचाओ' अभियान के मार्च के दौरान भी सम्मेलन कराने का विकल्प दिया गया।
29 ब्लाक अभी भी अध्यक्ष विहीन
नोटिस पाने वालों में सोनीपत के पांच, रेवाड़ी के तीन, रोहतक, पलवल और करनाल के दो-दो तथा जींद और कुरुक्षेत्र के एक-एक ब्लाक अध्यक्ष शामिल हैं। हरियाणा कांग्रेस में 190 ब्लाक हैं, जिनमें से 151 में अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। 29 ब्लाक अभी भी अध्यक्षविहीन हैं। ऐसे में 16 अध्यक्षों पर कार्रवाई की तैयारी संगठनात्मक पुनर्गठन की दिशा में भी अहम मानी जा रही है। अब तीन दिन के भीतर मिलने वाले जवाब तय करेंगे कि इन पदाधिकारियों को दोबारा काम करने का मौका मिलेगा या संगठन में नई नियुक्तियों का रास्ता खुलेगा। Chandigarh News
संगठनात्मक निर्देशों की अनदेखी पर तीन दिन में मांगा जवाब
संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला तो हटाए जाएंगे
पद लेकर जिम्मेदारी नहीं निभाने वालों के लिए संगठन में कोई जगह नहीं
संगठन को हलके में लेने वाले पार्टी पदाधिकारियों के प्रति शीर्ष नेतृत्व का सख्त रुख
इन ब्लाक अध्यक्षों से मांगा जवाब
जिला---ब्लाक---प्रधान का नाम
जींद---उचाना---देवेंद्र सिंह मंता
करनाल---करनाल एमसी वन---परमजीत पप्पू लाठर
करनाल---घरौंडा शहरी---राबिन मिक्खेल
कुरुक्षेत्र---थानेसर ग्रामीण---सुनील राणा
पलवल---उटावर---जाहिद अजमत
पलवल---हथीन---राजेंद्र सिंह
रेवाड़ी---जाटूसाना---मनोज यादव
रेवाड़ी---धारूहेड़ा---धीरज कुमार
रेवाड़ी---बावल---चेतराम रेवाडिया
रोहतक---लाखनमाजरा---ठाठ सिंह
रोहतक---कलानौर शहरी---महेंद्र कुमार अरोड़ा
सोनीपत---राई---रविंद्र कुमार
सोनीपत---खरखौदा ग्रामीण---सुनील कुमार
सोनीपत---मुरथल---देवेंद्र कुमार
सोनीपत---सोनीपत एमसी-टू---बिजेंद्र मलिक
सोनीपत---गोहाना शहरी---उमेश विज