Udaipur Times, Haryana Weather : हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर से करवट ले ली है। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने आज शनिवार (24 अक्टूबर) को राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों के 9 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत और सोनीपत में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग के अनुसार, हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिमी से बदलकर उत्तर-पूर्वी हो जाएगा, जिससे गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।
इसके साथ ही इन 9 जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इससे पहले शुक्रवार को प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदला नजर आया।
चरखी दादरी और रेवाड़ी में बारिश के साथ ओले गिरे, जबकि पलवल में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। नूंह में दिन में ही अंधेरा छा गया और हिसार में दिनभर बादल छाए रहे।
प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से रात और सुबह के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान -0.1°C गिरा है। प्रदेश में पंचकूला 13.7°C के साथ सबसे ठंडा जिला रहा।