हरियाणा शिक्षा बोर्ड ने बदले इंटर्नशिप के नियम, अब निजी स्कूलों में भी पढ़ा सकेंगे ट्रेनी छात्र

 | 
हरियाणा शिक्षा बोर्ड ने बदले इंटर्नशिप के नियम, अब निजी स्कूलों में भी पढ़ा सकेंगे ट्रेनी छात्र

Udaipur Times, Haryana News, भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) छात्र-अध्यापकों की इंटर्नशिप व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 14 दिन पहले जारी दिशा-निर्देशों में संशोधन कर दिया है। नई गाइडलाइन के तहत नियमित मॉनिटरिंग व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। अब प्रशिक्षण राजकीय विद्यालयों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि निजी स्कूलों में भी कराया जा सकेगा। इंडक्शन, ओरिएंटेशन व असेसमेंट कार्यक्रम केवल डाइट में कराने की अनिवार्यता भी खत्म कर दी गई है।

इस फैसले से प्रदेश के 300 से अधिक डीएलएड शिक्षण संस्थानों व 30 हजार छात्र-अध्यापकों को राहत मिलेगी। अब संबंधित शिक्षण संस्थान स्वयं विद्यार्थियों के लिए स्कूलों का चयन और प्रशिक्षण की व्यवस्था कर सकेंगे। पहले यह जिम्मेदारी संबंधित जिले की डाइट के पास थी। 

बोर्ड ने 14 जुलाई को जारी निर्देशों में सत्र 2025-27 के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का प्रशिक्षण 25 अगस्त से 21 सितंबर तथा सत्र 2024-26 के द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों का प्रशिक्षण 4 अगस्त से 21 सितंबर तक निर्धारित किया था। उस समय ट्रेनिंग सिर्फ राजकीय विद्यालयों में कराने, डाइट द्वारा निगरानी, दो-दिवसीय ओरिएंटेशन व असेसमेंट कार्यक्रम व मूल्यांकन प्रपत्रों पर डाइट के काउंटर साइन अनिवार्य किए गए थे। 

28 जुलाई को जारी संशोधित आदेश में इन प्रावधानों को बदल दिया गया। अब सरकारी के साथ निजी विद्यालयों में भी इंटर्नशिप कराई जा सकेगी व स्कूलों का आवंटन संबंधित शिक्षण संस्थान करेंगे। ओरिएंटेशन, असेसमेंट कार्यक्रम भी संस्थानों में आयोजित होंगे व मूल्यांकन प्रपत्रों पर डाइट के काउंटर साइन की अनिवार्यता समाप्त कर दी है। नई गाइडलाइन के अनुसार प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक 10 विद्यार्थियों पर एक छात्र-अध्यापक की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

पिछले वर्ष तक यही व्यवस्था थी

पिछले वर्ष तक यही व्यवस्था थी। इस बार हमने नियम बदला था। इस संबंध में फीडबैक आया कि नए बदलाव से दिक्कतें होंगी। इस संबंध में कई जगहों से मेमोरेंडम भी आए। इसलिए फैसला लिया कि सरकारी के साथ निजी स्कूलों में भी इंटर्नशिप करवाई जाए। -शंकर लाल धूड़ड़, चेयरमैन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News