हरियाणा में स्कूलों की बदलेगी तस्वीर, शिक्षा विभाग ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

 | 
हरियाणा में स्कूलों की बदलेगी तस्वीर, शिक्षा विभाग ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

Udaipur Times, Haryana News, रोहतक : हरियाणा के स्कूली बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि हरियाणा सरकार ने सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गर्मी की छुट्टियों का उपयोग स्कूल भवनों की मरम्मत तथा बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए करने का निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि नए शैक्षणिक सत्र के आरंभ से पूर्व स्कूलों में आवश्यक मरम्मत एवं सुविधाओं से संबंधित सभी कार्य पूर्ण किए जाएं।

सचिन गुप्ता ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार स्कूलों के प्राचार्य एवं मुख्याध्यापक भवनों की मरम्मत, शौचालयों की व्यवस्था, पेयजल, बिजली तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त की जाएं। उन्होंने बताया कि छोटे एवं आवश्यक मरम्मत कार्यों के लिए स्कूलों को उपलब्ध निधि से एक लाख रुपये तक खर्च करने की अनुमति प्रदान की गई है, जिन विद्यालयों के पास पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर अतिरिक्त फंड की मांग संबंधित अधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि शिक्षा विभाग ने कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की निगरानी के लिए मुख्यालय स्तर के अधिकारियों को छुट्टियों के दौरान विद्यालयों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए हैं। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मरम्मत एवं सुविधाओं से जुड़े कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जा रहे हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि किसी भी विद्यालय में लापरवाही, अनियमितता अथवा निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित प्राचार्य या मुख्याध्यापक के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सचिन गुप्ता ने कहा है कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले सभी सरकारी विद्यालयों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त बनाना है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News