हरियाणा में बिजली विभाग ने तैयार की डिफाल्टरों की लिस्ट, अब धड़ाधड़ कटेंगे कनेक्शन

 | 
हरियाणा में बिजली विभाग ने तैयार की डिफाल्टरों की लिस्ट, अब धड़ाधड़ कटेंगे कनेक्शन

Udaipur Times, Haryana News, पानीपत : हरियाणा के बिजली विभाग से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा में उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) ने बिजली बिलों की वसूली को लेकर बड़े स्तर पर अभियान शुरू कर दिया है। निगम ने 5 हजार रुपये या इससे अधिक की राशि बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की योजना तैयार की है। अगस्त 2026 की रिपोर्ट के आधार पर तैयार सूची में जिले के 37,186 उपभोक्ता डिफाल्टर हैं और इन पर कुल 157.87 करोड़ रुपये की राशि बकाया है। 

निगम का फोकस अब बड़े बकायदादारों से रिकवरी करने के साथ समय पर भुगतान नहीं करने वालों के कनेक्शन काटने पर है। अभियान के तहत उपभोक्ताओं को पहले बकाया राशि जमा कराने के लिए सूचित किया जा रहा है। इसके बाद भी भुगतान नहीं करने पर नियमानुसार कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। निगम अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान बकाया राशि की वसूली को प्राथमिकता दी जा रही है और फील्ड टीमों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

कनेक्शन कटने से पहले दी जा रही बकाया बिल जमा करने की सूचना

बकाया राशि की वसूली के अभियान को प्रभावी बनाने के लिए बिजली निगम ने विशेष कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। ये कर्मचारी बकायदादार उपभोक्ताओं तक नोटिस पहुंचाने के साथ उन्हें समय पर बिल जमा कराने के लिए जागरूक कर रहे हैं। वहीं, पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर SMS और अन्य डिजिटल माध्यमों से भी संदेश भेजे जा रहे हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत नोटिस और सूचना देने के बाद भी भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

24,695 घरेलू उपभोक्ता डिफाल्टर

जिले में घरेलू श्रेणी के 24,695 उपभोक्ता डिफाल्टर हैं और उन पर करीब 19.61 करोड़ रुपये बकाया है। कृषि श्रेणी के 9,160 कनेक्शनों पर करीब 4.21 करोड़ रुपये की राशि लंबित है। वहीं हाईटेंशन श्रेणी के 63 बड़े बकायदादारों पर करीब 97.87 करोड़ रुपये का बकाया दर्ज है। 15 लाख रुपये से अधिक बकाया वाले 63 उपभोक्ताओं पर ही 124.02 करोड़ रुपये की देनदारी बताए जाने से बड़े बकायदादारों से रिकवरी निगम के अभियान का प्रमुख केंद्र है।

कहां कितनी राशि है बकाया

इसराना सब-डीडीजन में 11,951 डिफालटर उपभोक्ताओं पर 10,802.63 लाख रुपये यानी करीब 108.02 करोड़ रुपये बकाया है। मतलौडा में 11,829 उपभोक्ताओं पर 1,178.17 लाख रुपये, सब-अर्बन पानीपत में 8,515 उपभोक्ताओं पर 931.63 लाख रुपये एवं सब-अर्बन-2 पानीपत में 4,891 उपभोक्ताओं पर 2,875.36 लाख रुपये की देनदारी दर्ज है। 

बकाया राशि की श्रेणीवार स्थिति देखें तो 5 से 10 हजार वाले 7,006 उपभोक्ताओं पर 498.64 लाख, 10 से 20 हजार वाले 4,530 उपभोक्ताओं पर 628.61 लाख रुपये तथा 20 से 50 हजार वाले 2,479 उपभोक्ताओं पर 740.08 लाख रुपये बकाया है। 150 हजार से एक लाख रुपये की श्रेणी में 509 उपभोक्ता पर 346.57 लाख रुपये की देनदारी है।

उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बिजली बिल का बकाया जल्द कराएं। इससे कनेक्शन कटने के साथ-साथ बकाया वसूली की प्रक्रिया में होने वाली अन्य कार्रवाई से भी बचा जा सकेगा। भुगतान निकटतम बिजली कार्यालय अथवा उपलब्ध ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।

आदित्य कुंडू, एसईईएन.सब अर्बन डिवीजन, बिजली निगम पानीपत।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News