हरियाणा के किसान की बेटी रितु ने UPSC में रचा इतिहास, सरकारी स्कूल से पढ़कर बनी IPS अफसर
Udaipur Times, IPS Ritu Khokhar : UPSC परीक्षा को पास करना हर किसी का सपना होता है। लेकिन इसे कुछ उम्मीदवार ही पास कर पाते हैं। इस परीक्षा को पास करने के बाद IAS और IPS जैसे प्रतिष्ठित पदों पर काम करने का मौका मिलता है। भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी रितु खोखर ने हरियाणा के एक छोटे से गांव से निकलकर UPSC में कमाल कर दिखाया। रितु खोखर की वर्तमान पोस्टिंग महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में एसपी पद पर है। इन दिनों उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कार से उतरते हुए, सलामी लेते हुए और निरीक्षण करते हुए नजर आ रही हैं।
IPS रितु खोखर का जन्म 23 अक्टूबर 1994 को हरियाणा के पानीपत जिले के भादर गांव में हुआ था। उनके पिता तारा चंद किसान हैं और माँ सुनीता देवी हैं। रितु ने 10वीं तक की पढ़ाई अपने गांव के सरकारी स्कूल से की और फिर पानीपत के एक स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास की। वह शुरू से ही पढ़ाई में होनहार थीं। 12वीं के बाद, उन्होंने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया, जहां से 2016 में उन्होंने गणित में गोल्ड मेडल के साथ M.Sc. की डिग्री हासिल की।
पहले ही प्रयास में UPSC क्रैक करने के बाद मीडिया से बातचीत में रितु खोखर ने बताया था कि उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा के अलावा किसी अन्य प्रतियोगी परीक्षा का कभी फॉर्म तक नहीं भरा। दिल्ली से पानीपत स्थित उनका घर महज 90 किलोमीटर दूर है। कॉलेज की पढ़ाई पूरी होने के बाद वे दिल्ली आईं और लगभग नौ माह तक एक कोचिंग संस्थान में तैयारी की।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2017 में उन्होंने पहली बार दी और 141वीं रैंक के साथ महाराष्ट्र कैडर में IPS बनने में सफल रहीं। रितु खोखर का मानना है कि बड़ी सफलता हासिल करने के लिए सोच भी बड़ी होनी चाहिए। यही वजह रही कि उन्होंने यूपीएससी सीएसई के अलावा किसी अन्य सरकारी नौकरी के लिए प्रयास नहीं किया और अपना पूरा फोकस केवल यूपीएससी पर रखा।