हरियाणा सरकार ने दिए सख्त निर्देश, UPSC की तिथियों को ध्यान में रखकर परीक्षा कार्यक्रम तैयार करें HPSC और HSSC

 | 
हरियाणा सरकार ने दिए सख्त निर्देश, UPSC की तिथियों को ध्यान में रखकर परीक्षा कार्यक्रम तैयार करें HPSC और HSSC

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा वर्ष 2027 के लिए जारी वार्षिक परीक्षा एवं भर्ती परीक्षा कार्यक्रम को लेकर सभी उपायुक्तों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी की ओर से सभी उपायुक्तों को यूपीएससी के वार्षिक कार्यक्रम से अवगत करवाते हुए आयोग की परीक्षाओं एवं भर्ती परीक्षाओं के लिए जरूरी प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध करवाने को कहा गया है।

राज्य सरकार ने हरियाणा लोक सेवा आयोग तथा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को भी यूपीएससी के वर्ष 2027 के परीक्षा कार्यक्रम का संज्ञान लेने के निर्देश दिए हैं। दोनों आयोगों को अपने स्तर पर वर्ष 2027 में आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं की तिथियां निर्धारित करते समय यूपीएससी के कार्यक्रम को ध्यान में रखने के लिए कहा गया है, ताकि यूपीएससी और राज्य की प्रमुख भर्ती परीक्षाओं की तिथियों में अनावश्यक टकराव न हो। इससे उन अभ्यर्थियों को सुविधा होगी जो संघ लोक सेवा आयोग तथा हरियाणा सरकार की भर्ती परीक्षाओं में समान रूप से भाग लेते हैं।

यूपीएससी के वार्षिक कार्यक्रम के अनुसार सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2027 का आयोजन 23 मई, 2027 को किया जाएगा। इसके लिए अधिसूचना 13 जनवरी, 2027 को जारी होगी तथा आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 2 फरवरी, 2027 निर्धारित की गई है। इसी दिन भारतीय वन सेवा की प्रारंभिक परीक्षा भी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के माध्यम से आयोजित की जाएगी।

इंजीनियरिंग सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2027 का आयोजन 31 जनवरी, 2027 को होगा तथा मुख्य परीक्षा 18 जून, 2027 को होगी। संयुक्त भू-वैज्ञानिक प्रारंभिक परीक्षा 10 जनवरी को होगी, जबकि मुख्य परीक्षा 19 जून, 2027 से दो दिनों तक आयोजित की जाएगी। भारतीय आर्थिक सेवा/भारतीय सांख्यिकी सेवा परीक्षा 18 जून, 2027 से शुरू होकर तीन दिन चलेगी।

राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नौसेना अकादमी परीक्षा तथा संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा का पहला चरण 11 अप्रैल, 2027 को आयोजित किया जाएगा। इन दोनों परीक्षाओं का दूसरा चरण 19 सितंबर, 2027 को होगा। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल सहायक कमांडेंट परीक्षा 4 जुलाई तथा संयुक्त चिकित्सा सेवा परीक्षा 18 जुलाई, 2027 को आयोजित होगी।

भारतीय वन सेवा मुख्य परीक्षा 21 नवंबर, 2027 से शुरू होगी और सात दिन चलेगी। यूपीएससी ने वर्ष के दौरान अन्य भर्ती परीक्षाओं एवं परीक्षाओं के लिए भी विभिन्न तिथियां निर्धारित की हैं।

इसी क्रम में उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि राज्य में यूपीएससी की परीक्षाओं के आयोजन के दौरान परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक प्रशासनिक एवं लॉजिस्टिक सहयोग सुनिश्चित किया जाए तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समुचित समन्वय रखा जाए।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News