हरियाणा सरकार ने इन कर्मचारियों का मांगा रिकॉर्ड, जारी किये ये निर्देश
Udaipur Times, Haryana news : चंडीगढ़, 16 अक्टूबर। हरियाणा सरकार के मानव संसाधन विभाग ने वर्ष 2014 की नियमितीकरण नीतियों के तहत नियमित किए गए कर्मचारियों का विभागवार डेटा उपलब्ध करवाने के निर्देश जारी किए हैं। यह पत्र 15 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया है। इसमें संबंधित विभागों, विश्वविद्यालयों, बोर्डों और निगमों से आवश्यक सूचना निर्धारित प्रारूप में मांगी गई है।
किन नीतियों के तहत नियमित हुए कर्मचारियों का मांगा गया है डेटा?
मानव संसाधन विभाग की ओर से जारी पत्र में 16 जून 2014, 18 जून 2014 और 7 जुलाई 2014 की नियमितीकरण नीतियों के साथ-साथ समय-समय पर जारी संशोधनों तथा अन्य समान नीतियों के तहत नियमित किए गए कर्मचारियों की जानकारी मांगी गई है।
इसमें विशेष रूप से ग्रुप-B, ग्रुप-C और ग्रुप-D के उन कर्मचारियों का रिकॉर्ड मांगा गया है, जिनकी सेवाएं संबंधित सक्षम प्राधिकारियों द्वारा इन नीतियों के तहत नियमित की गई थीं।
किन अधिकारियों को भेजे गए निर्देश?
जारी पत्र के अनुसार, निर्देश सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडल आयुक्तों, उपायुक्तों, हरियाणा के विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रारों तथा राज्य के बोर्डों और निगमों के प्रबंध निदेशकों को भेजे गए हैं।
15 दिनों के भीतर देनी होगी जानकारी
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित विभागों और संस्थानों को पत्र जारी होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर आवश्यक सूचना उपलब्ध करवानी है। जानकारी निर्धारित प्रोफॉर्मा में ई-मेल के माध्यम से मानव संसाधन विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
