हरियाणा में परिवार पहचान पत्र पर बड़ी अपडेट, अब बिजली कनेक्शन की ऐसे कर सकेंगे शिकायत
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। परिवार पहचान पत्र (PPP) में बिजली के एक से ज्यादा कनेक्शन आपके नाम दर्शाया हुआ है तो खुद ही इसे ठीक करा सकते हैं। परिवार पहचान पत्र अथॉरिटी ने पोर्टल को अपडेट किया है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर एक सप्ताह में चार हजार शिकायतों का समाधान हो चुका है। अब कोई भी व्यक्ति ऐसी गलतियां ठीक करा सकेगा।
बताया गया है कि करीब 20 हजार ऐसे लोग हैं, जिनके फैमिली आईडी में नाम बिजली मीटर एक से ज्यादा दर्ज हैं। इन लोगों की शिकायतें ADC के पास हैं, जिन्हें वे SDO को निर्देश देकर ठीक कराने में जुटे हैं। अब पोर्टल में किए गए संशोधन में व्यक्ति ऐसी स्थिति में खुद ही आवेदन करेगा और ऑटो सिस्टम से मामला बिजली निगम तक जाएगा। इसके बाद गलत दर्ज मीटर हट जाएगा। बीपीएल परिवारों के लिए सालाना बिजली बिल 24 हजार से कम होने की भी एक शर्त है। मीटर ज्यादा होने से बिल भी आईडी में ज्यादा दर्शाता है। इसके अलावा ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के लिए भी ऐसी ही स्थिति बनती है।
फीडबैक के आधार पर ठीक कर रहे चीजें: कोऑर्डिनेटर
परिवार पहचान पत्र अथॉरिटी के कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला का कहना है कि लोगों का व्यक्तिगत फीडबैक आता है। इसके बाद उसमें लोगों की परेशानी से संबंधित चीजें देखी जाती हैं। बिजली कनेक्शनों के भी ऐसे मामले जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संज्ञान में आए तो समाधान के आदेश हुए। जिसके बाद अब यह व्यवस्था की गई है। लोगों को PPP पोर्टल पर जाकर नागरिक आत्मनिर्भर नाम से दिए गए लिंक पर अपनी शिकायत दर्ज करानी है। इसके बाद स्वतः ही शिकायत पर कार्यवाही होगी।
ऐसे कर सकेंगे शिकायत
PPP पोर्टल पर नागरिक आत्मनिर्भर पोर्टल का लिंक दिया गया है। गलत बिजली खाते को चिन्हित कर उसमें शिकायत दर्ज की जा सकती है। अब ऐसे मामलों की पुष्टि बिजली विभाग के एप्लीकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (एपीआई) द्वारा हो जाती है। यानी गलत दर्ज मीटर यानी बिजली कनेक्शन का रिकॉर्ड फैमिली आईडी में स्वतः हट जाएगा।