Udaipur Times, Haryana News, गुरुग्राम : रक्षाबंधन के त्योहार पर गुरुग्राम बस स्टैंड पर वीरवार को खासा उत्साह देखने को मिला। अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए हजारों बहनें बस स्टैंड पहुंचीं और अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं। सुबह से ही बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ रही।
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार ने इस वर्ष भी रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को विशेष सौगात दी है। राखी के अवसर पर बहनों से बसों में यात्रा का किराया नहीं लिया जा रहा है। यह सुविधा 28 अगस्त की मध्यरात्रि तक उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि यात्रियों की अधिक संख्या को देखते हुए बस स्टैंड पर स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों की संख्या भी बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि सभी बहनें सुरक्षित एवं समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें, इसके लिए चिन्हित रूटों पर नियमित बसों के अलावा मांग के अनुसार अतिरिक्त बसें और अतिरिक्त फेरे लगाए गए हैं। व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए ड्राइवर, कंडक्टर सहित बस स्टैंड पर कार्यरत अन्य स्टाफ की छुट्टियां भी रद्द की गई हैं, ताकि परिवहन सेवा में किसी प्रकार की बाधा न आए।
मांग के अनुसार चिन्हित रूटों पर विशेष बसों की व्यवस्था
जीएम रोडवेज मेजर (रि.) गायत्री अहलावत ने बताया कि गुरुग्राम, पटौदी तथा सोहना बस स्टैंड से सभी नियमित रूटों पर 10 से 12 मिनट के अंतराल पर बसें उपलब्ध कराई गईं। वहीं, महिला यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए चिन्हित रूटों पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई। यात्रियों की सुविधा के लिए बस स्टैंड पर आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं।
बहनों ने जताया सरकार के प्रति आभार
बस स्टैंड पर मौजूद कई महिलाओं ने हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें अपने भाइयों तक पहुंचने में काफी सहूलियत हुई है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा आर्थिक रूप से राहत देने के साथ-साथ त्योहार के अवसर पर बहनों को अपने परिवार तक आसानी से पहुंचने का अवसर भी प्रदान करती है।