Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश में VIP नंबर खरीदने वालों को सरकार ने बड़ा झटका दिया है। हरियाणा सरकार ने ई-नीलामी से मिले पसंदीदा वाहन पंजीकरण नंबरों के हस्तांतरण पर प्रतिबंध लगा दिया है। अब वीआईपी नंबर आवंटन की तिथि से तीन साल तक किसी गैर-पारिवारिक व्यक्ति को नहीं दिए जा सकेंगे। हरियाणा परिवहन आयुक्त कार्यालय ने यह कड़ा निर्णय लिया है।
परिवहन आयुक्त कार्यालय ने सभी उप मंडल अधिकारियों और जिला परिवहन अधिकारियों को इन निर्देशों का पालन करने के लिए कहा है। यह प्रतिबंध नंबर के आवंटन की तारीख से शुरू होगा। यह निर्णय पिछले वर्ष दिसंबर में हुई एक घटना के बाद लिया गया है। तब हिसार के एक ट्रांसपोर्टर ने वीआईपी नंबर एचआर-88बी 8888 के लिए 1.17 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी। नियमों के अनुसार बोली के पांच दिनों के भीतर रकम जमा करानी होती है लेकिन उसने केवल 10 हजार रुपये जमा कराए थे। इसके बाद बोली दोबारा हुई और नंबर 26.71 लाख रुपये में बिका। परिवहन मंत्री अनिल विज ने इस मामले में जांच के आदेश दिए थे।
रक्त संबंधियों को छूट
परिवहन मुख्यालय के ये निर्देश रक्त संबंधियों या परिवार के सदस्यों पर लागू नहीं होंगे। हरियाणा पहचान पत्र अधिनियम-2021 के तहत परिभाषित एकल परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) आईडी वाले परिवार के सदस्य इन नंबरों का हस्तांतरण कर सकेंगे। मुख्यालय ने नेशनल इंफॉर्मेशन सेंटर (एनआईसी) को भी पत्र भेजा है। एनआईसी को ऑनलाइन ई-नीलामी प्रक्रिया में आवश्यक बदलाव करने को कहा गया है। इससे नंबर तीन वर्ष तक अवरुद्ध रहेंगे।