हरियाणा सरकार ने बढ़ाया महंगाई भत्ता, जाने किन-किन अफसरों को मिलेगा फायदा ?

 | 
हरियाणा सरकार ने बढ़ाया महंगाई भत्ता, जाने किन-किन अफसरों को मिलेगा फायदा ?

Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में तैनात अखिल भारतीय सेवा (एआईएस) के अधिकारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। अब इन अधिकारियों को मूल वेतन का 60 प्रतिशत के बजाय 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। बढ़ी हुई दरें एक जुलाई 2026 से लागू होंगी।

प्रदेश सरकार के कार्मिक विभाग ने 23 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय की ओर से जारी आदेशों के तहत यह फैसला लिया गया है। इसके तहत आईएएस, आईपीएस और आईएफएस अधिकारियों सहित अन्य अखिल भारतीय सेवा के उन अधिकारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा जो हरियाणा कैडर में कार्यरत हैं। इन अधिकारियों को जुलाई से अक्टूबर 2026 तक चार महीने का बकाया महंगाई भत्ता जनवरी 2027 में दिया जाएगा।

नवंबर 2026 से बढ़ी हुई दर के हिसाब से महंगाई भत्ते का भुगतान किया जाएगा। यह बढ़ोतरी उन अधिकारियों पर लागू होगी जिनका वेतन अखिल भारतीय सेवा (वेतन) नियम, 2016 के तहत निर्धारित वेतन मैट्रिक्स के अनुसार तय होता है। सरकार ने संबंधित विभागों, उपायुक्तों, मंडलायुक्तों और बोर्ड-निगमों को आदेश की प्रति भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News