हरियाणा सरकार का ऐतिहासिक कदम, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी ये नई सुविधाएं की शुरू

 | 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और जनहितकारी बनाने की दिशा में निरंतर ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं। फरीदाबाद में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ  बड़खल विधायक श्री धनेश अदलखा, एनआईटी फरीदाबाद विधायक श्री सतीश फागना, पृथला के पूर्व विधायक श्री टेकचंद शर्मा, नगर निगम मेयर श्री प्रवीण बत्रा जोशी, जिला परिषद् चेयरमैन श्री विजय सिंह, जिला अध्यक्ष श्री पंकज पूजन रामपाल और उपायुक्त श्री आयुष सिन्हा भी मौजूद रहें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से ऑनलाइन माध्यम द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य विभाग की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण ऑनलाइन माध्यम से किया गया।

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि आज श्री अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, छैंसा, फरीदाबाद में डायलिसिस सेवाओं की शुरुआत तथा बीके सिविल अस्पताल में SNSP क्लीनिक एवं AMRIT फार्मेसी जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का शुभारंभ प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी केवल एक महान राजनेता ही नहीं बल्कि दूरदर्शी, संवेदनशील और जनसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उनके नाम पर स्थापित यह मेडिकल कॉलेज आज समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उनके सपनों को साकार कर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में स्थापित इस मेडिकल कॉलेज को वर्ष 2022 में एमबीबीएस पाठ्यक्रम की अनुमति प्राप्त हुई थी और वर्तमान में यहां चार एमबीबीएस बैच अध्ययनरत हैं।

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि 470 बिस्तरों वाला यह मेडिकल कॉलेज 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं, ओपीडी, आईपीडी, आधुनिक प्रयोगशालाएं, रेडियोलॉजी सुविधाएं तथा कैंसर मरीजों के लिए डे-केयर उपचार जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। यह संस्थान केवल इलाज का केंद्र नहीं बल्कि भविष्य के चिकित्सकों के निर्माण का भी महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में आज से 15 डायलिसिस मशीनों के साथ शुरू की गई और डायलिसिस सेवा विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। उन्होंने कहा कि किडनी संबंधी गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को सप्ताह में कई बार डायलिसिस करवानी पड़ती है और अब उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि बीके सिविल अस्पताल में शुरू किया गया SNSP क्लीनिक महिलाओं के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक सिविल एवं उप जिला अस्पताल में महिलाओं के लिए समर्पित सहायता केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां महिलाओं को स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, टीबी एवं एनसीडी सेवाओं में प्राथमिकता और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अमृत फार्मेसी का उद्देश्य मरीजों को सस्ती दवाइयां और भरोसेमंद इम्प्लांट उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कैंसर, हृदय रोग सहित गंभीर बीमारियों के इलाज में उपयोग होने वाली महंगी दवाइयों और उपकरणों से आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। उन्होंने बताया कि अमृत फार्मेसी की शुरुआत वर्ष 2015 में एम्स नई दिल्ली से हुई थी और आज यह योजना देशभर में तेजी से विस्तार कर रही है। वर्तमान में देश में 257 AMRIT फार्मेसियां संचालित हैं, जहां जीवनरक्षक दवाइयां बाजार मूल्य से लगभग 50 प्रतिशत कम दरों पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे मरीजों के उपचार का खर्च काफी कम हुआ है।

राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल बीमारियों का इलाज नहीं बल्कि एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय भविष्य में हरियाणा सहित पूरे क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं एवं चिकित्सा शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनेगा।

इस अवसर पर एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, डीसीपी उषा कुंडू, सीटीएम अंकित कुमार, सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News