हरियाणा सरकार की सीएम विंडो पर सख्ती, इन अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

 | 

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। रोहतक उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सीएम विंडो पोर्टल पर निर्धारित समय अवधि में समाधान रिपोर्ट (एटीआर) अपलोड करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना एटीआर अपलोड किए शिकायत को बंद नहीं माना जाएगा।

उपायुक्त आज लघु सचिवालय के सभागार में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सीएम विंडो शिकायतों के निपटान की समीक्षा के उपरांत प्रशासनिक अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने निर्देश दिए कि यदि किसी शिकायत के समाधान में देरी होती है या शिकायतकर्ता को संतुष्ट किए बिना फर्जी तरीके से मामला बंद किया जाता है, तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि शिकायतों के निपटान में समय सीमा का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए तथा तय समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी की जाए। उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संचालित ‘सीएम विंडो’ की मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा नियमित समीक्षा की जा रही है।

 वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जिले में अब तक 15 हजार 951 शिकायतों का निपटान कर शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की जा चुकी है। शेष शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई जारी है।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News