हरियाणा सरकार की सख्ती ! 36 सफाईकर्मी बर्खास्त, 6 सस्पेंड, 19 गिरफ्तार; 455 को नोटिस
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 33 दिन से जारी है। शहरों में सफाई व्यवस्था प्रभावित है। अफसरों-मंत्रियों के आवासों में कूड़ा फेंकने और पुलिसकर्मियों से झड़प की घटनाएं हो रही हैं। इसे देखते हुए सरकार ने हड़ताली कर्मचारियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को 36 कच्चे कर्मचारियों को बर्खास्त और 6 नियमित कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया। 19 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया। 455 को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। हिसार, कलायत, डबवाली में पुलिस पहरे में कूड़ा उठवाया गया। इस दौरान विरोध करने पर करीब 95 कर्मचारियों को डिटेन कर बाद में छोड़ा गया।
फरीदाबाद में 5 सितंबर को बिना अनुमति कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन और पुलिस की गाड़ी पर चढ़कर नुकसान पहुंचाने के मामले में सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता अनिल कुमार को गिरफ्तार किया। हालांकि, कोर्ट से सशर्त जमानत मिल गई। हांसी में कार्य में बाधा डालने पर 18 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कैथल में 2 सितंबर को सफाईकर्मियों-प्रशासन के बीच झड़प मामले में 16 नामजद व 50-60 अन्य कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज की है। बता दें कि सफाईकर्मी 6 अगस्त से हड़ताल पर हैं। रविवार को 7वीं बार हड़ताल की समयावधि 3 दिन और बढ़ाकर 9 सितंबर तक की गई है।
किस जिले में कितने कर्मियों पर कार्रवाई
जिला बर्खास्त सस्पेंड
कैथल 6 1
सोनीपत 15 ....
भिवानी 3 1
जींद 3 3
हिसार 7 ....
फतेहाबाद 1 ....
सिरसा 1 ....
फरीदाबाद .... 1
विरोध पर पुलिस ने 95 कर्मचारियों को डिटेन कर बाद में छोड़ा
झज्जर में कॉकरोच जनता पार्टी (सीपीजेपी) के पदाधिकारियों ने सफाईकर्मियों को मोबाइल फोन से वीडियो बनाने, अपनी बात कैमरे के सामने रखने, आंदोलन से जुड़ी गतिविधियों को सोशल मीडिया पर प्रभावी तरीके से साझा करने की ट्रेनिंग दी।
हिसार में 20 में से 12 वार्डों में पुलिस के साये में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाया गया। ठेकेदार के कर्मचारी राजगुरु मार्केट में सफाई के पहुंचे तो हड़ताली कर्मचारियों ने झाड़ छीन ली। पुलिस ने 25 कर्मचारियों को डिटेन करे बाद में छोड़ दिया। कलायत में पुलिस पहरे में कचरा उठवाया। हंगामें पर 40 सफाईकर्मियों को डिटेन कर बाद में छोड़ा।
डबवाली में कूड़ा उठान का विरोध करने पर 30 कर्मचारी डिटेन कर बाद में छोड़ा गया।
सीआईडी भी अलर्ट
सरकार को संदेह है कि हड़ताल को कुछ विपक्षी नेता हवा दे रहे हैं। इसलिए आंदोलन में सक्रिय कर्मचारियों व यूनियन के पदाधिकारियों के राजनीतिक संबंधों को भी खंगाला जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, गुप्तचर विभाग, पंचकूला के कार्यालय ने सभी जिलों से इस बारे में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। संबंधित पदाधिकारी-कर्मचारी का नाम, पता, पद, मोबाइल नंबर, भर्ती की तारीख, सेवा रिकॉर्ड, संपत्ति, फोटो, कर्मचारियों पर प्रभाव, राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी देने को कहा गया है। कोई पदाधिकारी किसी नेता के कार्यक्रम में दिखाई देता है, उसके घर पर किसी नेता का कार्यक्रम हुआ है या किसी अन्य राजनीतिक आयोजन में नेता के साथ मौजूद रहा है, तो उसका उल्लेख भी रिपोर्ट में करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री बोले -
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा, 'सरकार की अपील का सकारात्मक असर दिखा है। 387 सफाईकर्मी काम पर वापस लौट आए हैं। इनका स्वागत करते हैं। बाकी बचे कर्मचारियों से भी जल्द काम पर लौटने की अपील करते हैं। सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है।'
यूनियन प्रधान ने कहा-
नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा, बर्खास्तगी से हड़ताल नहीं टूटेगी।