हरियाणा सरकार की वीबी-जी राम जी योजना ! अब पात्र परिवार को मिलेगा 125 दिन रोजगार
Udaipur Times, Haryana News, हिसार : डीआरडीए एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ सुभाष चंद्र ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) – वीबी-जी राम जी योजना लागू हो गई है। योजना के तहत जुड़े ग्रामीण परिवारों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिन के अकुशल रोजगार की गारंटी दी जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक वित्तीय वर्ष के लिए विकसित पंचायत विकास योजना तैयार की जाएगी, जिसमें गांवों की प्राथमिकताओं के अनुरूप स्थायी एवं समावेशी विकास कार्यों को शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत 60 दिनों के कृषि कार्यों का लाभ मजदूरों के साथ-साथ किसानों को भी मिलेगा। प्राकृतिक आपदा की स्थिति में होने वाले नुकसान से निपटने के लिए भी योजना के माध्यम से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
डीआरडीए एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा ग्राम सभाओं के माध्यम से योजना के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान पहले ही चलाया जा चुका है। यह योजना विकसित पंचायतों के माध्यम से विकसित भारत की मजबूत नींव रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
