हरियाणा में पिहोवा-ढांड रोड फोरलेनिंग के लिए 734.35 लाख रुपए मंजूर, सरकार ने किया बड़ा ऐलान
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार प्रदेश में सड़क ढांचे को मजबूत करने और आमजन को बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में कुरुक्षेत्र जिले में पिहोवा-ढांड रोड को आरडी 53.00 से आरडी 54.00 तक फोरलेन करने के लिए 734.35 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में सड़कों को मजबूत, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और विभिन्न क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर हो।
उन्होंने बताया कि इस कार्य के तहत चालू वित्त वर्ष में यूटिलिटी शिफ्टिंग और वन स्वीकृति से संबंधित आवश्यक गतिविधियां की जाएंगी। विभाग द्वारा कार्य को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश में सड़क विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि मौजूदा सड़क ढांचे को और सुदृढ़ किया जा सके तथा लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकें।