हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर सरकार का कड़ा एक्शन, 30 कर्मचारियों को किया बर्खास्त
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा में सरकार ने राज्य में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर कड़ा एक्शन लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, सरकार ने पेरोल और HKRN के लगभग 30 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है। बताया जा रहा है की यह कार्रवाई एक महीने से अधिक समय से जारी सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के बीच हुई है।
जानकारी के अनुसार, शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने हड़ताली कर्मचारियों को काम पर लौटने के लिए कुछ दिन पहले एक अल्टीमेटम दिया था। इस अल्टीमेटम के बाद कुछ कर्मचारियों ने अपनी ड्यूटी फिर से शुरू कर दी थी। लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे हुए हैं।
इसी के चलते सरकार ने स्पष्ट किया है कि हड़ताल जारी रखने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त एक्शन उठाए जाएंगे। जानकारी के लिए बता दें की इन बर्खास्त किए गए कर्मचारियों में पेरोल पर कार्यरत और HKRN के तहत काम करने वाले दोनों तरह के कर्मी शामिल हैं।
पिछले एक महीने से भी अधिक समय से हरियाणा में सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। वे अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।