हरियाणा में वैध मेंटेनेंस चार्ज की वसूली पर लगेगी रोक, मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

 | 
हरियाणा में वैध मेंटेनेंस चार्ज की वसूली पर लगेगी रोक, मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Udaipur Times, Haryana News, फरीदाबाद : हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्यमंत्री राजेश नागर ने आज ग्रेटर फरीदाबाद एवं तिगांव विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्यों में तेजी लाई जाए तथा जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मंत्री राजेश नागर ने ग्रेटर फरीदाबाद की विभिन्न निजी सोसायटियों में बिल्डरों द्वारा निवासियों से लिए जा रहे मेंटेनेंस चार्ज से संबंधित शिकायतों का संज्ञान लेते हुए कहा कि प्राइवेट बिल्डरों द्वारा यदि नियमों के विपरीत या अनावश्यक रूप से मेंटेनेंस चार्ज की वसूली की जा रही है तो उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाइसेंस एग्रीमेंट में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सभी निजी बिल्डरों से सड़क, पार्क, कॉमन एरिया तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का उचित रखरखाव सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने कहा कि निजी सोसायटियों में रहने वाले लोगों को उनके द्वारा दिए जा रहे शुल्क के अनुरूप बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। बिल्डरों द्वारा पार्क, ओपन जिम, कम्युनिटी सेंटर, मंदिर तथा अन्य सामुदायिक सुविधाओं के विकास एवं रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिल्डरों को आवश्यक सुविधाएं विकसित करने तथा कॉमन एरिया को व्यवस्थित एवं विकसित रखने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए जाएं। आदेशों की अनुपालना न करने वाले बिल्डरों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मंत्री ने निजी बिल्डरों द्वारा  म्यूटेशन चार्ज लिए जाने से संबंधित शिकायतों का भी संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल इसकी जांच करवाकर, यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News