हरियाणा सरकार खरीदेगी 6355 एकड़ जमीन, यहां विकसित होंगे 29 नए सेक्टर
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा के बहादुरगढ़ के विकास को नई गति देने के लिए मास्टर प्लान-2041 (Master Plan 2041) के तहत प्रस्तावित नए रिहायशी, वाणिज्यिक और मिक्स लैंड यूज सेक्टरों के विकास की प्रक्रिया तेज हो गई है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने 29 नए सेक्टरों के विकास के लिए 15 गांवों की करीब 6,355 एकड़ जमीन खरीदने की तैयारी शुरू कर दी है।
ई-भूमि पोर्टल पर संबंधित सेक्टरों और भूमि का पूरा विवरण अपलोड
इस संबंध में राज्य सरकार ने ई-भूमि पोर्टल पर संबंधित सेक्टरों और भूमि का पूरा विवरण अपलोड कर दिया है। जिन किसानों की जमीन अधिसूचित क्षेत्र में आती है, वे पोर्टल पर अपनी जमीन का विवरण और मांग मूल्य दर्ज कर सकते हैं।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि किसान अपनी इच्छा से जमीन बेचने के लिए सहमत होते हैं, तो अनुबंधित एग्रीगेटर्स के माध्यम से उनकी जमीन खरीदी जाएगी। भूमि उपलब्ध होने के बाद ही नए सेक्टरों के विकास का कार्य शुरू किया जाएगा।
लोगों को बेहतर सुविधाओं वाले सेक्टर मिल सकें
सरकार का उद्देश्य योजनाबद्ध तरीके से नए आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र विकसित करना है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाओं वाले सेक्टर मिल सकें और अवैध कॉलोनियों के विकास पर भी प्रभावी रोक लगाई जा सके। मास्टर प्लान-2041 के तहत बहादुरगढ़ में कुल 34 नए सेक्टर प्रस्तावित किए गए थे। फिलहाल इनमें से 29 सेक्टरों के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया शुरू की गई है।
प्रस्तावित सेक्टरों में कई रिहायशी सेक्टर और मिक्स लैंड यूज सेक्टर शामिल हैं, जिनके विकसित होने से बहादुरगढ़ में आवास, व्यापार और बुनियादी ढांचे का विस्तार होगा।
