हरियाणा में 1200 एकड़ में यहां बसेगा नया शहर, इन गांवों की जमीनों को खरीदेगी सरकार

 | 
हरियाणा में 1200 एकड़ में यहां बसेगा नया शहर, इन गांवों की जमीनों को खरीदेगी सरकार 

Udaipur Times, Haryana News : देश का सबसे पिछड़ा जिला नूंह अब विकास की दिशा में बड़ी तरक्की करने जा रहा है। हरियाणा सरकार ने जिले में करीब 1,197.61 एकड़ भूमि पर आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की योजना तैयार की है। इस परियोजना के तहत नूंह, जोगीपुर, खेड़ला, नलहड़, डुंडाहेड़ी, फिरोजपुर नमक और सालाहेड़ी गांवों की भूमि विकसित की जाएगी।

31 अगस्त 2026 तक पोर्टल पर करवा सकते हैं पंजीकरण

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के विकास की जिम्मेदारी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) को सौंपी गई है। खास बात यह है कि इस बार जमीन का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा, बल्कि ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से किसानों की सहमति के आधार पर खरीद की जाएगी। इच्छुक किसान 31 अगस्त 2026 तक पोर्टल पर अपनी जमीन का पंजीकरण करा सकते हैं।

मिलेंगी आधुनिक शहरी सुविधाएं

प्रस्तावित टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, पेयजल आपूर्ति, सीवर नेटवर्क, बिजली, पार्क, स्कूल, अस्पताल और अन्य आधुनिक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे न केवल संबंधित गांवों का विकास होगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी निवेश और शहरीकरण को बढ़ावा मिलेगा।

रोजगार और कारोबार को मिलेगी रफ्तार

अधिकारियों के अनुसार, परियोजना शुरू होने के बाद निर्माण कार्यों के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही व्यापार, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा क्षेत्र में भी नए अवसर पैदा होंगे। बेहतर बुनियादी ढांचे से जिले की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

2010 की योजना नहीं हो सकी थी पूरी

गौरतलब है कि साल 2010 में भी नूंह में तीन सेक्टर विकसित करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन भूमि अधिग्रहण और मुआवजे को लेकर विवाद अदालत पहुंच गया था। इसके चलते वह परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी। इस बार सरकार ने विवादों से बचने के लिए पूरी प्रक्रिया को डिजिटल, पारदर्शी और किसानों की स्वैच्छिक सहमति पर आधारित बनाया है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News