हरियाणा में करोड़ों की लागत से बदलेगी इस शहर की तस्वीर, मॉडल सिटी के रुप में विकसित करेगी सरकार
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा सरकार पंचकूला को मॉडल सिटी के रूप में विकसित करने जा रही है। जिसके चलते करीब 575 करोड़ की परियोजनाओं से शहर की तस्वीर बदलेगी। यहां सड़कों, सीवरेज, पार्कों, जल निकासी और पेयजल व्यवस्था समयबद्ध ढंग से पूरी होगी। इसके लिए CM नायब सिंह सैनी ने खुद विकास कार्यों की रिपोर्ट जांची।
CM सैनी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) की चौथी समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने रिचार्ज वेल, नए एसटीपी, सीसीटीवी, फाउंटेन पार्क और स्लम फ्री सिटी के रोडमैप पर मुहर लगाई।
CM ने कहा कि प्रत्येक पार्क में विशेषकर बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या से निजात पाने के लिए रिचार्ज वेल लगाए जाएं। पार्कों में ट्रीटेड वाॅटर ही का प्रयोग किया जाए।
पीएमडीए के CEO मकरंद पांडुरंग ने शहर के विकास की कार्ययोजना से अवगत करवाया। और साथ ही जानकारी दी की 60 सड़कों में से 34 पर कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा एशिया के सबसे बड़े कैक्टस गार्डन और हर्बल पार्क का नवीनीकरण किया गया तथा मैंगो पार्क एमडीसी, सिटी पार्क और टोपियरी पार्क का नवीनीकरण कार्य जारी है।
CM सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पंचकूला को स्लम फ्री बनाने का कार्य करें। इसके लिए अलग जगह पर फ्लैट बनाने की विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को उच्च स्तर की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सेक्टरों में सफाई, सीवरेज, सड़कें और पानी की सुविधाएं नगर निगम की देखरेख में दी जाएंगी। इसके अलावा पीएमडीए सेक्टरों को डिवाइड करने वाली सड़कों और स्टार्म वाटर का कार्य देखेगा।
CM सैनी ने कहा कि अधिकारी सफाई, सीवरेज, सड़कें एवं पेयजल संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें।
मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पंचकूला में फाउंटेन पार्क को लेजर वैली गुरुग्राम की तर्ज पर विकसित किया जाए। इसके सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि यह अन्य शहरों के लिए एक माॅडल के रूप में विकसित हो सके।
उन्होंने कहा कि दीवारों पर भव्य एवं शानदार वाल पेंटिंग की जाए तथा सभी चौराहों के सौंदर्यीकरण के साथ स्टार्म वाटर की निकासी के लिए भी प्रपोजल तैयार किया जाए।
जैसा की बताया जा रहा है CM सैनी ने कहा कि पंचकूला में उच्च गुणवत्ता के CCTV कैमरे लगाने के लिए बेहतर कार्य योजना बनाई जाए ताकि शहर को सुरक्षा की दृष्टि से पूर्ण रूप से सुरक्षित बनाया जा सके। शूटिंग रेंज में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं।
CM सैनी ने कहा कि पंचकूला में सभी पार्कों में सुंदर पौधे लगाए जाएं और वाटर बाडी ठीक कर उनमें पानी भरा जाए। इसके अलावा शानदार फव्वारे लगाए जाएं तथा इनमें शौचालयों की व्यवस्था की जाए।
मल्टीफीचर पार्क की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि इस पर लगभग 22 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने इसकी जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री को बैठक में जानकारी दी गई कि अटल पार्क का निर्माण कार्य 30 नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। चिल्ड्रन पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए उपकरण लगाए जाएंगे। इसके अलावा पुलिस विभाग पार्कों में नशा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाएगा।
CM सैनी ने कहा कि जलधारा योजना-2 के तहत शहर के बीच से गुजरने वाले 11 किलोमीटर लंबे नालों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इनमें राजीव इंदिरा कालोनी व नाला चौक सेक्टर-1 से औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 नाला शामिल है। इसके अलावा शहर में 5 नए एसटीपी लगाए जाएंगे। इनमें से तीन एसटीपी के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं तथा शेष पर कार्रवाई जारी है।
