हरियाणा में ट्रैक्टर खरीदने पर सरकार देगी 3 लाख रुपये, जाने कैसे उठा सकेंगे लाभ ?
Udaipur Times, Haryana news : उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि जिला के अनुसूचित जाति श्रेणी के ऐसे किसान, जिनके स्वयं के नाम अथवा फैमिली आईडी में परिवार के किसी सदस्य के नाम कृषि योग्य भूमि है, वे 45 एचपी एवं उससे अधिक क्षमता के ट्रैक्टर की खरीद पर 3 लाख रुपये प्रति यूनिट अनुदान प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक एवं पात्र किसान विभागीय पोर्टल agriharyana.gov.in पर 15 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सतबीर सिंह ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति श्रेणी के किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना से रोजगार के अवसर सृजित होने के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक के स्वयं के नाम अथवा फैमिली आईडी में परिवार के किसी सदस्य के नाम कृषि योग्य भूमि होना अनिवार्य है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि इसके अतिरिक्त आवेदक का स्वयं के नाम से मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण होना भी आवश्यक है। किसान को ऑनलाइन आवेदन करते समय भूस्वामित्व प्रमाण पत्र एवं घोषणा पत्र अपलोड करना होगा। यदि प्राप्त आवेदनों की संख्या आवंटित लक्ष्य से अधिक होती है तो लाभार्थियों का चयन आवेदक किसानों की उपस्थिति में जिला स्तरीय कार्यकारी समिति (डीएलईसी) द्वारा आयोजित ऑनलाइन ड्रा के माध्यम से किया जाएगा।
सतबीर सिंह ने बताया कि चयनित पात्र किसानों को चयन के बाद 15 दिनों के भीतर ट्रैक्टर खरीदना होगा तथा खरीद का बिल संबंधित डीडीए/एएई कार्यालय में जमा करवाना होगा। निर्धारित अवधि में ट्रैक्टर की खरीद एवं आवश्यक दस्तावेज जमा न करवाने की स्थिति में ड्रा की वरिष्ठता के अनुसार प्रतीक्षा सूची में शामिल किसानों को अवसर प्रदान किया जाएगा। किसान विभागीय पोर्टल पर पंजीकृत सूचीबद्ध / अनुमोदित निर्माताओं की सूची में से अपनी पसंद के 45 एचपी या उससे अधिक क्षमता वाले किसी भी प्रकार के ट्रैक्टर की खरीद करने के लिए स्वतंत्र होंगे। खरीदे गए ट्रैक्टर का भौतिक सत्यापन डीएलईसी द्वारा गठित समिति के माध्यम से किया जाएगा।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि योजना की शर्तों के अनुसार, लाभ लेने वाले किसान अथवा उनकी फैमिली आईडी में शामिल परिवार के किसी भी सदस्य ने पिछले 5 वर्षों के दौरान ट्रैक्टर पर किसी अनुदान योजना का लाभ नहीं लिया होना चाहिए। इसके अलावा, चयनित किसान आगामी 5 वर्षों तक ट्रैक्टर की बिक्री नहीं कर सकेंगे, जिसके लिए किसान को विभागीय पोर्टल पर शपथ पत्र अपलोड करना होगा। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक किसान उप निदेशक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग तथा सहायक कृषि अभियंता, रोहतक के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।