हरियाणा में कपास की खेती करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, सरकार देगी 4 हजार रुपये

 | 
हरियाणा में कपास की खेती करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, सरकार देगी 4 हजार रुपये 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने राज्य में कपास की पैदावार बढ़ाने और फसलों को कीटों से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से सूक्ष्म पोषक तत्वों एवं एकीकृत कीट प्रबंधन अपनाने पर किसानों को वित्तीय अनुदान प्रदान करने का निर्णय लिया है। इस विशेष योजना के तहत राज्य के कपास उत्पादक किसान अधिकतम 4,000 रुपये तक का अनुदान प्राप्त कर सकते हैं। 

श्री राणा ने बताया कि किसानों को सूक्ष्म पोषक तत्वों और एकीकृत कीट प्रबंधन की कृषि सामग्री की खरीद पर 50 प्रतिशत अथवा 2,000 रुपये प्रति एकड़ (जो भी कम हो) के हिसाब से सब्सिडी दी जाएगी, जिसकी अधिकतम सीमा दो एकड़ निर्धारित की गई है। 

उन्होंने यह भी बताया कि किसानों को कृषि सामग्री चौ. चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार की सिफारिशों के अनुसार ही अर्धसरकारी, सहकारी समितियों अथवा अधिकृत विक्रेताओं से खरीदनी होगी। इसके पश्चात अनुदान का लाभ उठाने के लिए किसानों को अपनी खरीद के बिलों को कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर अपलोड करना होगा। 

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने आगे बताया कि विभाग द्वारा बिल अपलोड करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने पात्र किसानों से समय रहते इस योजना का लाभ उठाने का आग्रह किया है तथा किसी भी प्रकार की सहायता या विस्तृत जानकारी के लिए किसान टोल-फ्री नंबर 1800-180-2117 या अपने संबंधित जिले के उप-कृषि निदेशक से संपर्क कर सकते हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News