हरियाणा में रक्षाबंधन पर महिलाओं एवं 15 वर्ष तक के बच्चों को मिलेगी मुफ़्त यात्रा, सरकार ने किया बड़ा ऐलान
Udaipur Times, Haryana News, रोहतक : उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा भाई-बहन के पावन पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों और बच्चों को विशेष सुविधा प्रदान की गई है। इसके तहत हरियाणा राज्य परिवहन की साधारण बसों में सभी महिलाओं एवं 15 वर्ष तक के बच्चों को नि:शुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। यह नि:शुल्क यात्रा सुविधा 27 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक लागू रहेगी।
सतबीर सिंह ने बताया कि इस दौरान हरियाणा राज्य परिवहन की साधारण बसों में हरियाणा में स्थित किसी भी एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने के लिए महिलाओं एवं 15 वर्ष तक के बच्चों को किराया नहीं देना होगा। इस सुविधा में दिल्ली एवं चंडीगढ़ भी शामिल हैं। हरियाणा सरकार का यह कदम रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं एवं बच्चों को अपने परिवारजनों के साथ पर्व मनाने के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
यह सुविधा केवल हरियाणा राज्य परिवहन की साधारण बसों में उपलब्ध होगी। यात्री यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें और परिवहन विभाग द्वारा उपलब्ध करवाई गई इस सुविधा का लाभ उठाएं।