हरियाणा में यहां बनेगा नया सरकारी पशु चिकित्सालय, कैबिनेट मंत्री ने सरकार को भेजा प्रस्ताव

 | 
हरियाणा में यहां बनेगा नया सरकारी पशु चिकित्सालय, कैबिनेट मंत्री ने सरकार को भेजा प्रस्ताव

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने हिसार के बरवाला में नया सरकारी पशु चिकित्सालय स्थापित करने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस दिशा में जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि बरवाला क्षेत्र में बड़ी संख्या में गौवंश की देखभाल की जा रही है, लेकिन वर्तमान में वहां कोई सरकारी पशु चिकित्सालय उपलब्ध नहीं है। ऐसे में गौवंश के बेहतर उपचार और संरक्षण के लिए यह सुविधा अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने अपने प्रस्ताव में बताया कि बरवाला में चार प्रमुख गौशालाएं संचालित हैं, जिनमें श्री गौरक्षा सेवा समिति (अग्रोहा रोड), गोपाल गौशाला (टोहाना रोड), नंदी गौशाला तथा विकलांग गौशाला (बनभौरी रोड) शामिल हैं। इन गौशालाओं में लगभग तीन हजार गौवंश का पालन-पोषण एवं उपचार किया जा रहा है। 

विशेष रूप से विकलांग गौशाला में घायल एवं दिव्यांग गौवंश का नियमित रूप से उपचार किया जाता है, जिसके लिए चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता लगातार बनी रहती है। उन्होंने कहा कि सरकारी पशु चिकित्सालय के अभाव में गौशालाओं को उपचार संबंधी अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। 

ऐसे में बरवाला में समर्पित सरकारी पशु चिकित्सालय की स्थापना से न केवल गौशालाओं को लाभ मिलेगा, बल्कि आसपास के पशुपालकों को भी बेहतर पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। श्री गौरक्षा सेवा समिति, बरवाला ने नए सरकारी पशु चिकित्सालय के संचालन के लिए भवन एवं आवश्यक स्थान उपलब्ध कराने की लिखित सहमति भी दे दी है। 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News