हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा ऐलान, इन जगहों पर मिलेगी अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड की सुविधा
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा सरकार ने चंडीगढ़ के एमएलए हॉस्टल की डिस्पेंसरी, अंबाला शहर और करनाल के नागरिक अस्पतालों में नई अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीनें लगाने की मंजूरी दी है। जानकारी के मुताबिक इससे मरीजों को सरकारी अस्पतालों में ही बेहतर और समय पर जांच की सुविधा मिल सकेगी।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के अनुसार चंडीगढ़ के सेक्टर-3 स्थित एमएलए हॉस्टल की डिस्पेंसरी में उच्च श्रेणी की अल्ट्रासाउंड मशीन लगाई जाएगी। मशीन खरीदने और उसे पूरी तरह चालू करने पर करीब 81 लाख रुपये खर्च होंगे।
मिली जानकारी के अनुसार सरकार ने आम लोगों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए अंबाला शहर और करनाल के नागरिक अस्पतालों में भी नई अल्ट्रासाउंड मशीनें लगाने का फैसला किया है। इन अस्पतालों में रोज बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। सरकारी अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड की सीमित सुविधा के कारण मरीजों को कई बार लंबा इंतजार करना पड़ता था।