हरियाणा HTET परीक्षा के एडमिट कार्ड को लेकर तारीख जारी ! जाने कब कर सकेंगे डाउनलोड ?
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2025 (एचटेट) लेवल-1, 2 व 3 का आयोजन 4 व 5 जुलाई, 2026 को करवाया जा रहा है। इस परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक से पंजीकरण संख्या/आवेदन आई०डी० के साथ जन्मतिथि डालकर 01 जुलाई से डाउनलोड कर सकते हैं। सभी अभ्यर्थी प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) पर दर्शाये गए महत्वपूर्ण नोट/निर्देशों को ध्यान से पढक़र/समझकर उनका पालन करना सुनिश्चित करें।
बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) का रंगीन प्रिंट लिया जाना अनिवार्य है। सभी अभ्यर्थी इस बात का विशेष ध्यान रखें कि उन्हें एक पृष्ठीय प्रवेश-पत्र की Centre Copy व Candidate Copy का एक-एक रंगीन प्रिंट आउट लेकर आना अनिवार्य है। अभ्यर्थी द्वारा आवेदन के पंजीकरण करते समय प्रयोग किए गए फोटो युक्त पहचान पत्र को मूल रूप में परीक्षा केन्द्र पर लेकर आना होगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी परीक्षा आरंभ होने से 2 घण्टे 10 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें, ताकि केन्द्र के मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से तलाशी, बायोमीट्रिक, अंगूठे के निशान का डाटा कैप्चरिंग इत्यादि अनिवार्य औपचारिकताएं समय से पूरी हो सकें। अभ्यर्थी को किसी भी अवस्था में केन्द्र/विषय परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी।
श्री धूपड़ ने आगे बताया कि नेत्रहीन/अशक्त अभ्यर्थी जिनकी अशक्तता (Disability) 40 प्रतिशत या इससे अधिक है, जो अपने हाथ से लिखने में असमर्थ हैं व लेखक की सुविधा लेना चाहते हैं तो ऐसे अभ्यर्थी को स्वयं लेखक के चयन की अनुमति दी जाती है अथवा उनके अनुरोध पर बोर्ड कार्यालय द्वारा प्रदान किया जा सकता है। ऐसे अभ्यर्थी परीक्षा तिथि से कम से कम 04 दिन पहले बोर्ड मुख्यालय में प्रात: 09:00 बजे से 04:30 बजे तक कमरा नं 28 में संपर्क कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी के अनुरोध पर लेखक की सुविधा केन्द्र अधीक्षक द्वारा भी दी जा सकती है। इसके लिए अभ्यर्थी कम से कम 02 दिन पहले दोपहर 1:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक स्वयं के वांछित मैडिकल प्रलेखों व लेखक की पहचान/योग्यता से संबंधित प्रलेखों सहित अपने आबंटित परीक्षा केन्द्र अधीक्षक से संपर्क करें। लेखक के लिए शैक्षिक योग्यता सीनियर सैकेण्डरी से अधिक नहीं होनी चाहिए। इस संबंध में अयर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध SPL-1, SPL-2 & Appendix-G प्रोफॉर्मा डाउनलोड कर सकते हैं। नेत्रहीन/अशक्त अभ्यर्थी (जो अपने हाथ से लिखने में असमर्थ है, चाहे वह लेखक की सुविधा ले रहा है अथवा नहीं) को 20 मिनट प्रति घण्टा के हिसाब से कुल 50 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महिला अभ्यर्थियों को मंगलसूत्र पहनने, बिन्दी व सिंदूर लगाने की ही छूट होगी। बैपटाइज्ड़, सिख अभ्यर्थियों को धार्मिक प्रतीकों को ले जाने की अनुमति होगी।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा केन्द्र के अन्दर अंगूठी, चैन, बालियां, हार, लटकन, ब्रोच इत्यादि जैसे सभी गहने किसी भी धातु की वस्तु तथा कैमरा, मोबाईल फोन, पेजर, ब्लूटुथ, ईयर फोन, कैल्कुलेटर, घड़ी, हेल्थ बैण्ड, इलेक्ट्रोनिक्स गैजेटस, पर्स, लॉग टेबल, प्लास्टिक पाऊच, कोरा या मुद्रित कागज एवं लिखित चिट इत्यादि लेकर जाने की अनुमति नहीं है।
उन्होंने आगे बताया कि प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में यदि किसी अभ्यर्थी को तकनीकी कठिनाई उत्पन्न होती है, तो वे बोर्ड कार्यालय के दूरभाष नंबर 01664-254305 पर संपर्क कर सकते हैं।
