हरियाणा HTET परीक्षा का रिजल्ट तैयार, अब कभी भी आ सकता है परिणाम

 | 
हरियाणा HTET परीक्षा का रिजल्ट तैयार, अब कभी भी आ सकता है परिणाम 

Udaipur Times, Haryana News, भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचवीएसई) की ओर से आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी)-2025 का परिणाम पूरी तरह तैयार हो चुका है। अब केवल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। परिणाम जारी करने से पहले बोर्ड ने एजेंसी की जांच के बाद अतिरिक्त पारदर्शिता बरतते हुए एक प्रतिशत अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का पुनः सत्यापन अपने कर्मचारियों से भी कराया। जांच में परिणाम लगभग पूरी तरह सही पाया गया। ऐसे में बोर्ड कभी भी परिणाम घोषित कर सकता है।

उधर, परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र और आंसर-की को लेकर दर्ज कराई गई करीब 18 हजार आपत्तियों का भी निस्तारण कर दिया गया है। विषय विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न लेवल और प्रश्नपत्र कोड में कुछ प्रश्न अधूरे, त्रुटिपूर्ण अथवा ऐसे मिले जिनके एक से अधिक विकल्प सही थे। ऐसे सभी प्रश्नों के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार अभ्यर्थियों को ग्रेस अंक दिए जाएंगे, ताकि किसी भी परीक्षार्थी के साथ अन्याय न हो। गौरतलब है कि बोर्ड ने पांच और छह जुलाई को सुरक्षा के कड़े इंतजामों तथा सीसीटीवी निगरानी के बीच एचटीईटी-2025 का आयोजन कराया था। परीक्षा में कुल 1,92,226 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 41,068 अनुपस्थित रहे। अनुपस्थिति का प्रतिशत 17.60 रहा।

एजेंसी के सत्यापन के बाद बोर्ड ने भी एक प्रतिशत उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच की, परिणाम सही मिला
प्रश्नपत्र व आंसर-की पर आईं 18 हजार आपत्तियों का निस्तारण, गलत प्रश्नों व विकल्पों पर मिलेंगे ग्र्रेस अंक

परीक्षा के बाद कई प्रश्नों पर अभ्यर्थियों ने दर्ज करवाई थीं आपत्तियां

परीक्षा के बाद कई प्रश्नों को लेकर अभ्यर्थियों ने गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई थीं। कहीं मुहावरे का अर्थ पूछा गया, लेकिन प्रश्नपत्र में मुहावरा ही नहीं था। कुछ गणित के प्रश्नों में त्रुटियां बताई गईं, जबकि हिंदी और अंग्रेजी संस्करणों में अंक तथा विकल्पों में भी अंतर होने की शिकायतें सामने आईं। कई प्रश्नपत्रों में मिस प्रिंटिंग की शिकायत भी मिली थी। इन सभी आपत्तियों की विशेषज्ञों ने विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट बोर्ड को सौंप दी। रिपोर्ट के आधार पर मूल्यांकन में आवश्यक संशोधन करते हुए संबंधित प्रश्नों पर ग्रेस अंक देने का निर्णय लिया गया है। इसी प्रक्रिया के तहत तीन और चार अगस्त को बोर्ड अधिकारियों ने एक प्रतिशत उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच अपने कर्मचारियों से कराई। जांच में अधिकांश उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सही पाया गया। इसके बाद परिणाम को अंतिम रूप दे दिया गया है।

रिजल्ट का इंतजार बढ़ा, बोर्ड में लगातार पहुंच रहे अभ्यर्थी

एक सप्ताह से अभ्यर्थियों की सबसे बड़ी जिज्ञासा यही है कि एचटीईटी का परिणाम कब घोषित होगा। अभ्यर्थी रोजाना बोर्ड अधिकारियों व कर्मचारियों से फोन पर संपर्क कर रहे हैं, जबकि कई अभ्यर्थी बोर्ड मुख्यालय पहुंचकर भी जानकारी ले रहे हैं। हालांकि बोर्ड की ओर से यही कहा जा रहा है कि परिणाम जल्द घोषित कर दिया जाएगा।

लेवलवार उपस्थिति

| लेवल | कुल अभ्यर्थी | उपस्थित | अनुपस्थित |
| --- | --- | --- | --- |
| एक | 41,062 | 31,402 | 9,660 |
| दो | 1,19,141 | 99,904 | 19,237 |
| तीन | 73,091 | 60,920 | 12,171 |

अध्यापक पात्रता परीक्षा का परिणाम पूरी तरह तैयार है और जल्द ही इसकी घोषणा कर दी जाएगी। विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर अभ्यर्थियों की सभी आपत्तियों का निस्तारण किया गया है। मूल्यांकन में आवश्यक सुधार किए गए हैं ताकि किसी भी अभ्यर्थी से अन्याय न हो। - शंकर लाल धूपड़, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News