हरियाणा में राशन डिपो के रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित, 10 नवंबर तक भरें फॉर्म

 | 
हरियाणा में राशन डिपो के रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित, 10 नवंबर तक भरें फॉर्म 

Haryana news : हरियाणा सरकार द्वारा गरीब एवं पात्र परिवारों को राशन प्राप्त करने में होने वाली कठिनाइयों को दूर करने, युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर सृजित करने तथा महिलाओं के सशक्तिकरण के उद्देश्य से प्रदेश में 2,651 रिक्त उचित मूल्य की दुकानों (राशन डिपो) के लाइसेंस आवंटित करने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा 10 अक्तूबर, 2026 को पोर्टल का शुभारंभ किया गया था। आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर, 2026 निर्धारित की गई है।

डीएफएससी नितीश कुमार सिंगला ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला रेवाड़ी के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कुल 207 राशन डिपो की रिक्तियां हैं। इनका विवरण खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट तथा जिला प्रशासन रेवाड़ी की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है। इच्छुक आवेदक उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला रेवाड़ी के गांव लिसाना और गांव डाबड़ी की रिक्तियां रद्द समझी जाएंगी, क्योंकि इन गांवों में उचित मूल्य की दुकान के लाइसेंस के लिए स्थान रिक्त नहीं है।

आवेदन के लिए निर्धारित पात्रता

डीएफएससी ने बताया कि राशन डिपो के लिए आवेदनकर्ता संबंधित वार्ड या गांव का निवासी और बेरोजगार होना चाहिए। उसकी आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा उसकी आर्थिक पृष्ठभूमि संतोषजनक होनी आवश्यक है। आवेदक का कम से कम 12वीं पास होना और कंप्यूटर का ज्ञान होना भी अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि राशन डिपो के लाइसेंस आवंटन में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त विधवाओं और तेजाब हमले से पीड़ित महिलाओं को प्राथमिकता देने का भी प्रावधान है।

पोर्टल पर उपलब्ध हैं विस्तृत दिशा-निर्देश

 इच्छुक एवं पात्र आवेदक हरियाणा अंत्योदय सरल पोर्टल https://saralharyana.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश एवं पात्रता शर्तें खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://haryanafood.gov.in  पर उपलब्ध हैं। उन्होंने आवेदकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देशों एवं पात्रता शर्तों का ध्यानपूर्वक अध्ययन कर लें और अंतिम तिथि 10 नवंबर, 2026 से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News