हरियाणा में 10 हजार करोड़ से इस रूट पर रफ्तार भरेगी मेट्रो ! यहां बनेंगे 28 नए स्टेशन

 | 
हरियाणा में 10 हजार करोड़ से इस रूट पर रफ्तार भरेगी मेट्रो ! यहां बनेंगे 28 नए स्टेशनों

Udaipur Times, Gurugram Metro : गुरुग्राम को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस शहर बनाने की दिशा में हरियाणा सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। सेक्टर-56 से दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित पचगांव तक प्रस्तावित नए मेट्रो कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को प्रदेश सरकार अगले सप्ताह अंतिम मंजूरी दे सकती है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संकेत दिए हैं कि डीपीआर का अध्ययन किया जा रहा है और मंजूरी मिलने के बाद परियोजना पर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HMRTC) द्वारा तैयार डीपीआर के अनुसार यह मेट्रो कॉरिडोर करीब 35 किलोमीटर लंबा होगा, जिस पर 28 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इस परियोजना की अनुमानित लागत 10,428 करोड़ रुपये है। कुल लागत का 20 प्रतिशत हिस्सा हरियाणा सरकार, 10 प्रतिशत केंद्र के शहरी आवासन मंत्रालय और शेष 70 प्रतिशत राशि बैंकों से ऋण लेकर जुटाई जाएगी।

ग्लोबल सिटी को मिलेगा सीधा मेट्रो कनेक्शन (Metro Connection)

इस मेट्रो परियोजना का सबसे बड़ा फायदा सेक्टर-37 में विकसित हो रही करीब 1,000 एकड़ की ग्लोबल सिटी को मिलेगा। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC) इस कनेक्टिविटी के लिए करीब 1,500 करोड़ रुपये का योगदान देगा। ग्लोबल सिटी में आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

नमो भारत (Namo Bharat) और अन्य मेट्रो रूट से जुड़ेगा नेटवर्क

नया मेट्रो कॉरिडोर सेक्टर-56 में गुरुग्राम-फरीदाबाद-ग्रेटर नोएडा के प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर से जुड़ जाएगा। इसके अलावा इसे गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से भोड़सी तक प्रस्तावित मेट्रो लाइन से भी जोड़ा जाएगा। पचगांव में जंक्शन विकसित किया जाएगा, जहां से दिल्ली-पचगांव-बावल नमो भारत कॉरिडोर और मेट्रो नेटवर्क आपस में कनेक्ट होंगे। इससे यात्रियों को एकीकृत और सुगम परिवहन व्यवस्था मिलेगी।

ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

फिलहाल मानेसर और आसपास के क्षेत्रों के लोग आवाजाही के लिए मुख्य रूप से दिल्ली-जयपुर हाईवे पर निर्भर हैं, जिसके कारण यहां अक्सर भारी ट्रैफिक रहता है। नई मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करेंगे, जिससे हाईवे और शहर दोनों में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।

सरकार के अनुमान के मुताबिक साल 2031 तक इस रूट पर प्रतिदिन करीब 1.5 लाख यात्री मेट्रो से सफर करेंगे।

इन क्षेत्रों में बनेंगे 28 मेट्रो स्टेशन (Metro Station)

सेक्टर-56, सेक्टर-61, सेक्टर-62, निरवाणा कंट्री, सेक्टर-66 (वाटिका चौक), सेक्टर-69, सेक्टर-70, सेक्टर-75, खेड़की दौला, सेक्टर-36ए, ग्लोबल सिटी, सेक्टर-88, सेक्टर-84, सेक्टर-85-89 चौक, सेक्टर-86-90 चौक, सेक्टर-91, काकरोला विलेज, सेक्टर M-15, सेक्टर M-6/7, सेक्टर M-4, सेक्टर M-B, मानेसर, सेक्टर P-4, सेक्टर P-5, सेक्टर P-7 और अंतिम स्टेशन पचगांव होगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News