हरियाणा में खनन मंत्री ने 1 अफसर को किया सस्पेन्ड, बिना लाइसेंस मीट दुकानों पर कार्रवाई के निर्देश
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव खेड़ावाली, कालका में अवैध खनन की शिकायत पर कड़ा संज्ञान लेते हुए सहायक खनन अभियंता राजेंद्र प्रसाद को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार आज पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस अवसर पर उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा भी उपस्थित रहे।
बैठक में कुल 13 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 9 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि 4 शिकायतों को लंबित रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आगामी बैठक से पूर्व उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
खेड़ावाली, कालका निवासी ने शिकायत में बताया कि गांव में सरकारी नियमों के विपरीत अवैध खनन किया जा रहा है। इस संबंध में अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा रायपुररानी क्षेत्र में भी अवैध खनन का मामला उठाया गया। शिकायतों पर गंभीर रुख अपनाते हुए मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने सहायक खनन अभियंता राजेंद्र प्रसाद को निलंबित करने तथा एक जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति अवैध खनन के मामलों की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। उन्होंने पुलिस विभाग को रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा, उन्होने गांव बुढ़नपुर के निवासियों ने इंदिरा कॉलोनी के समीप बिना लाइसेंस मीट बेचने की शिकायत पर मंत्री ने संबंधित विभागों को अभियान चलाकर आगामी 10 दिनों के भीतर बिना लाइसेंस संचालित सभी मीट दुकानों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में एक पीसीआर वाहन तैनात करने तथा बिना वैध लाइसेंस के मीट बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उन्होंने गांव ईशरनगर, पिंजौर निवासी ने आंगनवाड़ी केंद्र के सामने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने नगर परिषद कालका के कार्यकारी अधिकारी को पूरे खसरे की निशानदेही करवाकर अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
श्री कृष्ण लाल पंवार ने अधिकारियों को समयबद्ध शिकायत समाधान के दिए निर्देश
एनएच फार्मास्यूटिकल्स, पेट कैमिस्ट शॉप एवं पार्लर तथा पेट एनिमल मेडिकल सेंटर-3, पंचकूला द्वारा सेक्टर-3 स्थित सरकारी पेट अस्पताल में अनियमितताओं, बरवाला से भरेली तक सड़क की खराब स्थिति गांव बागवाली के एक व्यक्ति ने नेशनल हाईवे की भूमि पर कब्जा कर गेट लगाकर रास्ता बंद करने, पंचकूला-यमुनानगर रोड निर्माण के दौरान गांव बागवाली स्थित मिडिल एवं प्राइमरी स्कूल की चारदीवारी तोड़ने, सेक्टर-11 पंचकूला में स्टिल्ट पार्किंग की सुविधा होने के बावजूद कई घरों के पीछे अवैध रैंप, बगीचे और गेट बनाने , गांव बतौड़, बरवाला निवासी ने गंदे पानी की निकासी न होने की समस्या उठाने जैसी अन्य शिकायतों का समाधान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
पूर्व मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि समिति के समक्ष आने वाली प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार उन्हें पंचकूला और कुरुक्षेत्र जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वे रोहतक और हिसार की जिला स्तरीय कष्ट निवारण समितियों की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि कोई भी शिकायत लंबित न रहे और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। मंत्री ने निर्देश दिए कि जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं बैठकों में उपस्थित रहें तथा अधीनस्थ कर्मचारियों को बैठक में भेजने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि पंचकूला जिला कष्ट निवारण समिति पूरे प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ बन सके।
