हरियाणा के मंत्री विज ने सभी विभागों के अधिकारियों को दिए सख्त, जनसमस्याओं का तुरंत करें समाधान
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी जनता की शिकायतों का तुरंत समाधान करें। समाधान में देरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
श्री विज आज अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनसमस्याओं को सुन रहे थे।
ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज के समक्ष एक व्यक्ति ने अम्बाला छावनी तहसील में एक पटवारी द्वारा आठ माह से इंतकाल नहीं करने और बार-बार चक्कर लगाने के मामले में कड़ा संज्ञान लिया और एसडीएम अम्बाला छावनी को मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि इंतकाल में हो रही देरी की जांच की जाए और यदि जांच में पटवरी दोषी पाया जाता है तो उसे निलंबित भी किया जाए।
मंत्री ने कबूतरबाजी मामलों में एसपी अम्बाला को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने जनसुनवाई के दौरान विभिन्न गौशालाओं की कमेटियों को लाखों रुपए के चेक अनुदान स्वरूप दिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 635 गौशालाओं के संचालन के लिए 87 करोड 50 लाख रुपये की राशि अनुदान तौर पर दी गई है। इसी कड़ी में अम्बाला छावनी में रामबाग गऊशाला समिति को 27.13 लाख तथा गांव खतौली गऊशाला समिति को 4 लाख रुपये के चेक दिए गए।
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी में आजादी की पहली लड़ाई का भव्य शहीदी स्मारक बनाया गया है जिसका गत 5 नवम्बर को देश के गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा लोकापर्ण किया गया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार एक माह के लिए निशुल्क टिकट बुक करने की घोषणा की गई थी जिसके चंद घंटों में ही पूरे माह की टिकट बुक हो चुकी हैं। सब वर्ग के लोगों के लिए टिकट की व्यवस्था होगी, स्कूली बच्चों के लिए भी विशेष टिकट की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा दुनियाभर से लोग स्मारक देखने आएंगे जिसका शहर को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर एसडीएम कनिका गोयल, डीएसपी कुलदीप, नप उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, अजय बवेजा, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।