Haryana news : हरियाणा के हांसी में जिम संचालक को गोलियों से भूना, एक युवती भी घायल, कुछ दिन पहले की थी लव मैरिज
Udaipur Times,Haryana news : हरियाणा के हांसी में जिम संचालक को गोलियों से भूनकर मार डाला है। घटना हांसी के फव्वारा चौक के पास की है। आज सुबह सुबह ही करीब 5 बजे घटना को अंजाम दिया गया। बाइक सवार दो बदमाशों ने दस राउंड फायरिंग की जिसमें जिम संचालक कपिल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक युवती के छर्रे लगे हैं जिसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इस घटना का एक सीसीटीवी भी सामने आया है। जिसमें सुबह सुबह ही जिम संचालक दुकानों के बाहर युवाओं को प्रैक्टिस करवा रहा था, उसी वक्त एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और उन्होंने फायरिंग कर दी। इस घटना में जिम संचालक कपिल की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि जिम संचालक कपिल जींद के डालमवाला गांव का रहने वाला था और अभी वह हांसी के शांति निकेतन में रह रहा था। कपिल यहां पर पिछले तीन चार साल से जिम चला रहा था कुछ ही दिन पहले यहां पर जिम शिफ्ट की थी।
वहीं जानकारों ने बताया कि कपिल ने कुछ दिनों पहले ही एक युवती के साथ लव मैरिज की थी। हालांकि युवती अपने परिजनों के पास ही रह रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वे जल्द ही इस मामले का खुलासा करने का प्रयास कर रहे हैं। शहर में इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
