हरियाणा में अब घरों की बिजली फ्री करने का सुनहरा मौका ! जल्दी उठाएं इस योजना का लाभ ?

 | 
हरियाणा में अब घरों की बिजली फ्री करने का सुनहरा मौका ! जल्दी उठाएं इस योजना का लाभ ?

Udaipur Times, Haryana News, झज्जर : डीसी वर्षा खांगवाल ने गुरुवार को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता यशवीर सिंह ने योजना से जुड़ी जानकारी दी।

ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करने में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना कारगर

डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त योजना न केवल उपभोक्ताओं के बिजली बिल में राहत देने में मददगार साबित हो रही है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए जिला को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करने में कारगर है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर ठोस प्रयास किए जाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि  योजना के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। पात्र लाभार्थियों के ऑनलाइन आवेदन समय पर पूरे करवाए जाएं,सब्सिडी, इंस्टॉलेशन व निरीक्षण से संबंधित प्रक्रियाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

 सरकार द्वारा उपभोक्ताओं को प्रदान की जा रही सब्सिडी

इस बीच बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार ने डीसी वर्षा खांगवाल को योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत  घरेलू उपभोक्ताओं को सब्सिडी प्रदान की जाती है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा सब्सिडी के रूप में 2 किलो वाट तक अधिकतम 60 हजार और तीन किलोवाट तक 78 हजार रुपये प्रदान की जाती है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा इस योजना के तहत  वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है। यह सहायता उन परिवारों के लिए है जिनकी पिछले वित्त वर्ष में बिजली खपत 24 सो यूनिट रही हो। इसके अलावा अंत्योदय परिवारों को भी योजना में शामिल किया गया है। ऐसे परिवार जिनकी वार्षिक आय ₹1.80 लाख तक है ,उन्हें प्रति किलोवाट 25 हजार रुपये और अधिकतम 2 किलोवाट तक  सहायता प्रदान की जाती है। वहीं श्रेणी दो में ऐसे परिवारों को रखा गया है जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय ₹1.80 लाख से 3 लाख रुपये तक है,उन्हें 10 हजार रुपये प्रति किलोवाट (अधिकतम 2 किलोवाट तक) की सहायता का प्रावधान रखा गया है।  अंत्योदय परिवारों के लिए 2 किलोवाट तक  केंद्रीय औऱ राज्य सहायता मिलाकर  अधिकतम ₹1 लाख 10 हजार रुपये राशि निर्धारित की गई है।  पीएम सूर्य घर योजना के लिए बैंकों द्वारा प्रतिवर्ष 6 प्रतिशत  (0.5 प्रतिशत प्रति माह) ऋण सुविधा द्वारा प्रदान की जाती है।

डीसी नेे एलडीएम को निर्देश दिए कि वे  बैंक स्तर पर योजना से जुड़े मामलों का शीघ्र निपटान सुनिश्चित करें । उन्होंने सभी अधिकारियों से आमजन को योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए प्रेरित किया।

बैठक में यह अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, जिला परिषद के सीईओ मनीष कुमार फौगाट, बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता यशवीर सिंह, हरेडा के परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह, रामेश्वर शर्मा,एलडीएम राजीव रंजन सहित  अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News