हरियाणा में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला सहित दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

 | 
हरियाणा में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला सहित दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के फतेहाबाद पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए 13 किलो 60 ग्राम अफीम के साथ महिला सहित दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। वही दूसरी ओर पुलिस ने एक कुख्यात नशा तस्कर की करीब 30 लाख रुपये मूल्य की अवैध संपत्ति भी फ्रीज करवा दी।

मीडिया से बात करते हुए ASP दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि CIA रतिया की टीम फतेहाबाद के समीप धांगड़ पुल के समीप नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए गश्त एवं निगरानी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूत्रों से सूचना मिली कि ईश्वर लाल पुत्र मांगी लाल पाटीदार निवासी बरलाई, जिला नीमच (मध्यप्रदेश) तथा सोना प्रजापति पत्नी सुनील प्रजापति निवासी बैजलपुर, जिला रायसेन (मध्यप्रदेश) मध्यप्रदेश से भारी मात्रा में अफीम लेकर हरियाणा एवं पंजाब में सप्लाई करने आ रहे हैं।

 सूचना को गंभीरता से लेते हुए CIA रतिया टीम ने तत्काल NH-9 स्थित धांगड़ पुल के समीप नाकाबंदी की। कुछ ही देर बाद मिली जानकारी के अनुसार होंडा सिटी कार नंबर DL-3CBA-2461 को रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 13 किलो 60 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपये है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

ASP ने बताया कि आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही कार के आगे और पीछे ' दैनिक सुदर्शन टुडे' के स्टिकर लगे हुए थे। शुरुआती जांच में आरोपियों ने स्वयं को संदेह से दूर रखने तथा पुलिस जांच के दौरान आसानी से निकलने के उद्देश्य से समाचार पत्र के स्टिकरों का कथित रूप से दुरुपयोग किया था ।

पुलिस इस पूरे पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है कि इन स्टिकरों का उपयोग किस उद्देश्य से किया गया तथा इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो शामिल नहीं है। जांच में यदि किसी प्रकार का दुरुपयोग सामने आता है तो नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ASP दिव्यांशी सिंगला ने कहा कि नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News