हरियाणा पुलिस ने कुख्यात बदमाश को एनकाउंटर में किया ढेर, खेतों में CIA टीम के साथ हुई मुठभेड़
Udaipur Times, Haryana News, झज्जर : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। झज्जर जिले गांव दुजाना के विजय सैनी हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों के खिलाफ झज्जर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार देर रात रणखंडा-कड़ौधा क्षेत्र के खेतों में सीआईए झज्जर और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में संजय मारा गया।
जवाबी कार्रवाई के दौरान उसे तीन गोलियां लगीं। वहीं मुठभेड़ में एसआई संयम सिंह के बाएं बाजू में गोली लगने से वह घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की 8 टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए झज्जर और स्पेशल स्टाफ की टीम रणखंडा-कड़ौधा क्षेत्र में पहुंची, जहां पुलिस का सामना संजय से हो गया। पुलिस को देखते ही बदमाश ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान संजय को तीन गोलियां लगीं और उसकी मौत हो गई।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम पर की ताबड़तोड़ फायरिंग
मुठभेड़ के दौरान बदमाश संजय ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए लगातार गोलियां चलाईं। फायरिंग इतनी तेज थी कि पुलिस अधिकारियों को भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
इस दौरान पीएसआई मोहित और सीआईए झज्जर प्रभारी निरीक्षक कर्मबीर फोगाट पर भी गोलियां चलाई गईं। हालांकि दोनों अधिकारियों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे गोलियां उन्हें नुकसान नहीं पहुंचा सकीं और वे सुरक्षित रहे। वहीं एसआई संयम सिंह के बाएं बाजू में गोली लगने से वह घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संजय एक खुंखार अपराधी था। उसने 31 मई को गांव दुजाना में विजय सैनी की गोली मारकर हत्या की थी। इससे पहले वर्ष 2021 में विजय सैनी के बेटे अनिल की हत्या भी उसी ने की थी। इतना ही नहीं, इसी वर्ष 2 मार्च को उसने अपनी पत्नी की भी हत्या कर दी थी। इन वारदातों के बाद वह लगातार फरार चल रहा था।
गौरतलब है कि विजय सैनी हत्याकांड में यह छह दिनों के भीतर दूसरा एनकाउंटर है। इससे पहले संजय का साथी इंद्रपाल भी गांव दुजाना के खेतों में एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया था। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है।
