हरियाणा में लाइनमैन-इलेक्ट्रीशियन समेत कई पदों पर निकली भर्ती, जाने आवेदन का पूरा प्रोसेस ?
Udaipur Times, Haryana News, भिवानी : दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता संदीप दलाल ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए अप्रेंटिस के विभिन्न पदों पर आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके तहत लाइनमैन, इलेक्ट्रीशियन-46, कोपा-12 तथा स्टेनो अंग्रेजी व हिंदी पदों के लिए निर्धारित तिथि के दौरान ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि आवेदक अप्रेंटिस इंडिया पोर्टल पर अपने आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू होकर 15 सितंबर को शाम 5 बजे तक चलेगी। निर्धारित समय के बाद किसी भी आवेदक को दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा।
कार्यकारी अभियंता ने बताया कि आवेदन करते समय पोर्टल पर अप्रेंटिसशिप से संबंधित आवश्यक मूल दस्तावेज, जैसे फोटो, 10वीं का प्रमाण पत्र, आईटीआई प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, हरियाणा डोमिसाइल प्रमाण पत्र, बैंक कॉपी सहित अन्य संबंधित दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि पोर्टल पर आवेदन किए गए फार्म से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की फोटो प्रति भी निर्धारित तिथि के तहत 21 से 23 सितंबर तक शाम 4 बजे कार्यालय समय में कार्यकारी अभियंता, परिचालन मंडल दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम, नजदीक बीटीएम मील, भिवानी के कार्यालय में जमा करवानी आवश्यक है।
निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर ट्रेड से संबंधित मूल आवश्यक दस्तावेज अपलोड नहीं पाए जाने अथवा ऑनलाइन पोर्टल पर किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित आवेदक का आवेदन बिना नोटिस दिए रद्द कर दिया जाएगा। यदि किसी आवेदक ने दो या इससे अधिक पदों के लिए आवेदन किया है तो उसे प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग आवेदन फार्म जमा करवाना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि यदि किसी आवेदक ने पहले किसी ट्रेड से अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग पूरी कर ली है तो उसका किसी अन्य पद के लिए पोर्टल पर आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।