हरियाणा रोडवेज की चंडीगढ़ से हरिद्वार के लिए सीधी बस सेवा शुरू, देखें समय सारणी

 | 
हरियाणा रोडवेज की चंडीगढ़ से हरिद्वार के लिए सीधी बस सेवा शुरू, देखें समय सारणी 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश सरकार यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में चंडीगढ़ और हरिद्वार के बीच एचवीएसी (हीटिंग, वेंटिलेशन एवं एयर कंडीशनिंग) बस सेवा की शुरूआत आगामी 23 अक्तूबर, 2026 से होगी और निर्धारित समय-सारिणी यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस बस सेवा से चंडीगढ़, अंबाला, यमुनानगर, सहारनपुर, रुड़की और हरिद्वार के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

परिवहन मंत्री ने कहा कि बस सेवाओं की समयबद्धता और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न शहरों से बस के प्रस्थान और गंतव्य तक पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है। इससे यात्रियों को अपनी यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।

चंडीगढ़ से हरिद्वार के लिए बस का समय

निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, चंडीगढ़ से हरिद्वार जाने वाली बस चंडीगढ़ से सुबह 9.08 बजे रवाना होगी। इसके बाद बस अंबाला से सुबह 10.40 बजे, यमुनानगर से दोपहर 12.00 बजे, सहारनपुर से दोपहर 12.50 बजे तथा रुड़की से दोपहर 1.55 बजे रवाना होगी। बस के हरिद्वार पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 2.40 बजे है।

हरिद्वार से चंडीगढ़ के लिए वापसी का समय

इसी प्रकार, वापसी में हरिद्वार से चंडीगढ़ जाने वाली बस हरिद्वार से दोपहर 3.50 बजे, रुड़की से शाम 4.40 बजे, सहारनपुर से शाम 5.50 बजे, यमुनानगर से शाम 6.40 बजे तथा अंबाला कैंट से शाम 7.50 बजे रवाना होगी। बस के चंडीगढ़ बस स्टैंड पहुंचने का निर्धारित समय रात 9.00 बजे है।

अनिल विज ने कहा कि बेहतर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था न केवल यात्रियों को सुविधाजनक सफर उपलब्ध करवाती है, बल्कि विभिन्न शहरों के बीच संपर्क को भी मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार का प्रयास है कि यात्रियों को उनकी जरूरत के अनुसार बेहतर बस सेवाएं उपलब्ध हों और उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि हरियाणा परिवहन विभाग यात्रियों को सुविधाजनक, सुरक्षित और व्यवस्थित परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री विज ने कहा कि चंडीगढ़-हरिद्वार मार्ग पर यह बस सेवा यात्रियों को आवागमन का एक सुविधाजनक विकल्प प्रदान करेगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News