हरियाणा में 21 नए खेल स्टेडियमों का होगा निर्माण, फर्जी खेल नर्सरियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

 | 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़, 26 मई : हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को जमीनी स्तर पर ज्यादा से ज्यादा और बेहतरीन खेल सुविधाएं मुहैया करवाना है। सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ तेजी से काम कर रही है, जिसके तहत प्रदेश में 21 नए खेल स्टेडियमों का निर्माण करवाया जाएगा।

खेल मंत्री आज पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेल विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

फर्जी खेल नर्सरियों पर कड़ा रुख

बैठक के दौरान खेल राज्य मंत्री ने फर्जी खेल नर्सरियों को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले 15 दिनों के भीतर सभी जिला खेल अधिकारी (डीएसओ) अपने-अपने जिलों में चल रही खेल नर्सरियों की ग्राउंड रिपोर्ट तैयार कर खेल मुख्यालय को भेजें। खेल मंत्री ने चेताया कि इस रिपोर्ट के बाद यदि प्रदेश में कहीं भी कोई फर्जी खेल नर्सरी चलती हुई पाई गई, तो संबंधित जिला खेल अधिकारी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

खिलाड़ियों के अभ्यास में न आए बाधा

श्री गौरव गौतम ने खिलाड़ियों के हितों के बारे में अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब तक खेल निदेशालय से आधिकारिक बजट जारी नहीं हो जाता, तब तक जिला खेल अधिकारी जिला खेल परिषद के माध्यम से तुरंत खेल उपकरणों व अन्य जरूरी सामान की खरीद सुनिश्चित करें ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास करने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

तय समय सीमा में पूरे होंगे प्रोजेक्ट, हर जिले में बनेगा सिंथेटिक ट्रैक

खेल मंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं और बजट घोषणाओं को पूरी गंभीरता से धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर खेल स्टेडियमों के निर्माण व अन्य लंबित खेल प्रोजेक्टों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के लिए प्रदेश के हर जिले में एथलेटिक्स का सिंथेटिक ट्रैक तैयार किया जाएगा।

तकनीक और सुरक्षा का संगम- 'खेलो हरियाणा ऐप' और 'खिलाड़ी बीमा योजना'

डिजिटलाइजेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल मंत्री ने अधिकारियों को जल्द से जल्द 'खेलो हरियाणा ऐप' विकसित करने के निर्देश दिए। इस मोबाइल ऐप में प्रदेश के सभी खिलाड़ियों और खेल स्टेडियमों का पूरा डेटा उपलब्ध होगा, जिससे खिलाड़ी अपने नजदीकी स्टेडियम की जानकारी प्राप्त कर वहां अभ्यास कर सकेंगे। इसके अलावा, खिलाड़ियों को मानसिक रूप से निश्चिंत होकर अभ्यास करने का माहौल देने के लिए उन्होंने 'खिलाड़ी बीमा योजना' का ड्राफ्ट जल्द से जल्द तैयार करने को कहा ताकि खिलाड़ियों को इसका सीधा लाभ मिल सके।

समय पर होंगे खेल महाकुंभ और दंगल, एक महीने पहले शुरू होंगे ट्रायल

खेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस वर्ष के खेल कैलेंडर के अनुसार समय पर सभी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। इसके तहत सीएम कप, खेल महाकुंभ, योग और दंगल जैसे प्रमुख खेल आयोजनों को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए चयन समितियां इन खेलों के आयोजन से ठीक एक महीने पहले खिलाड़ियों के ट्रायल आयोजित करेंगी।

इस अवसर पर खेल विभाग के प्रधान सचिव श्री विजय सिंह दहिया, निदेशक श्री पार्थ गुप्ता, एडिशनल डायरेक्टर श्री अश्वनी मलिक व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News