हरियाणा में सोशल मीडिया पर अश्लीलता और गन कल्चर के खिलाफ खाप खोलेगी मोर्चा, 9 अगस्त को करेगी पंचायत
Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। सोशल मीडिया पर अश्लीलता और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले कंटेंट के खिलाफ खाप पंचायतें बड़ा मोर्चा खोलने जा रही हैं। इसके तहत जींद जिले की सभी 25 खाप पंचायतें 9 अगस्त को कंडेला गांव में महापंचायत कर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू करेंगी। इस दौरान नशा, सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाने वाली कल्चर, गन कल्चर, दहेज प्रथा, मृत्यु भोज जैसी कुरीतियों पर रोक लगाने के साथ सामाजिक अनुशासन को लेकर भी अहम प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
शुक्रवार को कंडेला खाप के प्रधान ओमप्रकाश कंडेला और खाप के प्रवक्ता जगत सिंह रेड्डी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रदेश में तेजी से बढ़ रहे नशे और सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाने वाले कंटेंट ने समाज की नींव को कमजोर कर दिया है। इसका सबसे ज्यादा दुष्प्रभाव युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है। यदि सरकार की इच्छाशक्ति हो, तो सोशल मीडिया पर गानों, वीडियो और रीलों के माध्यम से अश्लीलता और गलत संदेश फैलाने वाली सामग्री पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है, लेकिन सरकार इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखा रही। ऐसे में अब खाप पंचायतों ने स्वयं सामाजिक जागरूकता का मोर्चा संभालने का निर्णय लिया है।
खाप नेताओं ने कहा कि 9 अगस्त को कंडेला गांव में कंडेला खाप के चबूतरे पर जिले की सभी 25 खाप पंचायतों की महापंचायत में दहेज प्रथा और मृत्यु भोज जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए गांव-गांव समितियां गठित करने पर भी विचार किया जाएगा। इन समितियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने और सामाजिक स्तर पर नियमों का पालन सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई जाएगी।
नशे पर रोक लगाने में सरकार विफल
कंडेला खाप प्रवक्ता जगत सिंह रेड्डी ने कहा कि आज कई युवा अपने माता-पिता की सहमति के बिना विवाह कर रहे हैं, जिससे पारिवारिक और सामाजिक विवाद बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विवाह जैसे महत्वपूर्ण निर्णय में माता-पिता की सहमति को आवश्यक बनाए जाने पर भी महापंचायत में चर्चा होगी। उनका कहना था कि यदि सरकार इस दिशा में कानून बनाती है, तो खाप पंचायतें उसका पूरा सहयोग करेंगी। नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए रेड्डी ने कहा कि प्रदेश में नशा रोकने में सरकार पूरी तरह विफल रही है।
