हरियाणा में बिना एक भी पैसा दिए लगेगा 1 किलोवाट का सोलर पैनल ! जाने कैसे मिलेगा लाभ ?
Udaipur Times, Solar Panel : हरियाणा सरकार प्रदेश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और लोगों के बिजली बिल का बोझ कम करने के लिए एक नई योजना पर काम कर रही है। इस योजना के तहत 1 किलोवाट (kW) तक के बिजली लोड वाले घरेलू उपभोक्ताओं को भी सोलर ऊर्जा प्रणाली उपलब्ध कराई जाएगी। खास बात यह है कि इसके लिए लोगों को न तो बैंक से लोन लेने की जरूरत होगी और न ही किसी प्रकार की बैंक गारंटी देनी पड़ेगी।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज (Anil Vij) ने इस योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार ऐसी व्यवस्था तैयार कर रही है, जिसमें विभाग के कर्मचारी स्वयं लोगों के घर जाकर सर्वे करेंगे और उनकी छतों पर सोलर सिस्टम (Solar System) लगाने की प्रक्रिया पूरी करवाएंगे। योजना का मुख्य उद्देश्य छोटे उपभोक्ताओं को बिजली बिल से राहत देना और अधिक से अधिक घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ना है।
7 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
सरकार के अनुसार, हरियाणा में 1 किलोवाट तक के लोड वाले 7 लाख से अधिक घरेलू उपभोक्ता हैं। इन सभी को इस योजना का लाभ मिल सकता है। सोलर सिस्टम (Solar System) लगने के बाद उपभोक्ताओं का बिजली बिल काफी कम हो जाएगा और कई मामलों में यह शून्य तक पहुंच सकता है।
5KW तक के उपभोक्ताओं के लिए भी विशेष व्यवस्था
राज्य सरकार 5 किलोवाट तक के लोड वाले उन घरेलू उपभोक्ताओं के लिए भी आसान व्यवस्था लाने की तैयारी कर रही है, जो पिछले तीन सालों से नियमित रूप से अपना बिजली बिल जमा कर रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार की सोलर सब्सिडी मिलने के बाद बची हुई राशि आसान सरकारी किस्तों में चुकाने की सुविधा मिलेगी।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि इस व्यवस्था में भी उपभोक्ताओं को बैंक लोन लेने की आवश्यकता नहीं होगी। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग सौर ऊर्जा (Solar Panel) को अपनाएं, जिससे बिजली पर निर्भरता कम हो और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिले।
घर-घर पहुंचेगी सौर ऊर्जा
नई योजना लागू होने के बाद राज्य के लाखों परिवारों को सस्ती और स्वच्छ बिजली का लाभ मिलेगा। साथ ही, लोगों को बैंक और वित्तीय प्रक्रियाओं की जटिलताओं से भी राहत मिलेगी। सरकार का मानना है कि यह पहल हरियाणा में रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।
