हरियाणा में गांवों के नक्शे पर दावे-आपत्तियां दर्ज करवाने का मौका, 18 नवंबर को लॉन्च होगा पोर्टल

 | 
हरियाणा में गांवों के नक्शे पर दावे-आपत्तियां दर्ज करवाने का मौका, 18 नवंबर को लॉन्च होगा पोर्टल

रोहतक 16 नवंबर : उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा आज स्वामित्व योजना की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत गांवों के लाल डोरे का नक्शा दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने के लिए पुनः 90 दिनों तक ग्राम सभा क्षेत्र में रखा जाएगा। संबंधित व्यक्ति नक्शे का अवलोकन कर अपने दावे एवं आपत्तियां ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज करवा सकेंगे।

सतबीर सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा 18 नवंबर 2026 को इस उद्देश्य के लिए पोर्टल लॉन्च किया जाएगा। इससे पहले 17 नवंबर को राजस्व विभाग के अधिकारियों को पोर्टल के संचालन एवं प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। गांव का नक्शा पोर्टल पर भी उपलब्ध रहेगा, जिसे देखकर संबंधित व्यक्ति अपने दावे एवं आपत्तियां ऑनलाइन दर्ज करवा सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का ग्राम स्तर पर गठित कमेटी द्वारा सत्यापन किया जाएगा। इसके उपरांत संबंधित तहसीलदार अथवा नायब तहसीलदार द्वारा नियमानुसार निर्धारित समय अवधि में उनका निपटान किया जाएगा।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि जिला के ग्रामीण क्षेत्र में स्वामित्व योजना के तहत 119 गांवों में 1,48,996 प्रॉपर्टी कार्ड तैयार किए गए थे, जिन्हें वितरित भी किया जा चुका है। उपायुक्त ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वामित्व योजना से संबंधित सभी कार्य सरकार द्वारा निर्धारित एसओपी के अनुसार किए जाएं तथा दावे एवं आपत्तियों का निपटान संबंधित अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप गंभीरता से किया जाए। उन्होंने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में व्यापक मुनादी करवाकर तथा सहज दृश्य स्थलों पर पंपलेट लगवाकर योजना के बारे में आमजन को जागरूक किया जाए, ताकि पात्र व्यक्ति इस अवसर का लाभ उठाकर अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवा सकें।

इस अवसर पर रोहतक के उपमंडलाधीश आशीष कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला राजस्व अधिकारी सुशील कुमार, रोहतक के तहसीलदार यशपाल शर्मा, सांपला के तहसीलदार गुलाब सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News