हरियाणा रोडवेज में होगी 700 कंडक्टरों की भर्ती, तैयारी में जुटा परिवहन विभाग

 | 
हरियाणा रोडवेज में होगी 700 कंडक्टरों की भर्ती, तैयारी में जुटा परिवहन विभाग

Udaipur Times, Haryana Roadways Jobs : हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए अगले एक माह में हरियाणा रोडवेज का मोबाइल एप लॉन्च किया जाएगा। इसके अलावा करीब 700 नए कंडक्टर्स की भर्ती और 500 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की जाएगी। परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विज ने अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि करीब 700 कंडक्टरों की पदोन्नति के बाद रिक्त होने वाले पदों पर नई भर्तियों की जाएगी। वहीं, 125 साधारण बसें हरियाणा रोडवेज इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से तैयार की जा रही हैं। राज्य के सभी बस अड्डों पर डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, जिन पर बसों की समय-सारिणी और गंतव्य की जानकारी मिलेगी। सभी रोडवेज बसों में जीपीएस लगाने के साथ बसों के संचालन की कंट्रोल सेंटर से निगरानी की जाएगी।

मोबाइल एप में मिलेगी लाइव लोकेशन

विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोबाइल एप एंड्रॉइड और आईएएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो तथा हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी में संचालित हो। इसमें बसों की लाइव लोकेशन, निर्धारित समय पर बस के पहुंचने की जानकारी, किराया, अनधिकृत ठहराव और डिजिटल क्यूआर कोड जैसी सुविधाएं हों। एप का ट्रायल जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News