देश का सबसे पहला विकसित राज्य बनेगा हरियाणा, मुख्यमंत्री ने पिपली, लाडवा और थानेसर क्षेत्र को दी बड़ी सौगात
चंडीगढ़, 15 नवंबर : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप हरियाणा देश का सबसे पहला विकसित राज्य बने। सरकार जो कहती है, वो करके भी दिखा रही है।
विधानसभा चुनाव के संकल्प-पत्र के 217 संकल्पों में से 76 संकल्प दो साल में ही पूरे कर दिखाए हैं, बाकी 141 संकल्पों पर काम तेजी से चल रहा है। किसी भी प्रदेश व क्षेत्र का विकास आम आदमी के रोजमर्रा के जीवन में आई सुविधा से मापा जाता है। जब घर-आंगन से लेकर गांव की चौपाल तक बदलाव दिखाई दे, तभी विकास का वादा धरातल पर उतरता है। जनसेवा हमारे लिए केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता के प्रति हमारा धर्म है।
मुख्यमंत्री रविवार को जिला कुरुक्षेत्र में नीलधारी गुरुद्वारा पिपली साहिब परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पिपली, लाडवा और थानेसर क्षेत्र को 44 करोड़ 83 लाख रुपए की 6 परियोजनाओं की नई सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 13 करोड़ 36 लाख रुपये की 4 परियोजनाओं का उद्घाटन और 31 करोड़ 47.40 लाख रुपये की 2 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने छठ पर्व की बधाई दी। इस दौरान सांसद नवीन जिंदल, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र हमारी सभ्यता, आस्था और जीवन-दर्शन का केंद्र है। इसी भूमि से भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म, कर्तव्य और लोककल्याण का संदेश पूरी दुनिया को दिया। आज की ये परियोजनाएं उसी कर्म-संकल्प को साकार करने का प्रयास हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा हलके के पिपली, बीड़ पिपली और पिपली-लाडवा रोड की कॉलोनियों के लिए 22 करोड़ 47 लाख रुपये की सीवरेज व्यवस्था और 6.50 एम.एल.डी. पंपिंग स्टेशन की आधारशिला रखी गई है।
अब बरसों पुरानी जल-निकासी की समस्या का अब स्थायी समाधान होगा। उन्होंने कहा कि सेक्टर-28 और जोगना खेड़ा में 12 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बने 33 केवी के दो सब-स्टेशन शुरू हुए हैं। इनसे बिजली की आपूर्ति और मजबूत होगी। मिर्जापुर और दयालपुर में उप-स्वास्थ्य केंद्र खुले हैं। अब इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, स्वास्थ्य सुविधा गांव में ही मिलेगी। उन्होंने कहा कि 9 करोड़ रुपये से केडीबी रोड का नवीनीकरण और सौंदर्गीकरण होगा। धर्मनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत अब भव्य कुरुक्षेत्र द्वार और उमरी द्वार करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में विकास और विरासत, दोनों को साथ लेकर चल रहे हैं। लाडवा में 50 बेड का नागरिक अस्पताल बनाया गया है। लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से बना कुरुक्षेत्र का एलिवेटेड रेलवे ट्रैक जनता को समर्पित किया जा चुका है। रोहतक के बाद यह देश का दूसरा ऐसा ट्रैक है। खेड़ी रामनगर में नर्सिंग कॉलेज बन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कुरुक्षेत्र में 164 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिख संग्रहालय की आधारशिला रखी और पांचजन्य की प्रतिकृति का अनावरण किया।
उन्होंने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है, वे भी विकसित हरियाणा की ओर ठोस कदम हैं। जन-प्रतिनिधियों और नागरिकों की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। आप अपने क्षेत्र की जरूरतें और निर्माण कार्यों की स्थिति प्रशासन तक पहुंचाते रहें, ताकि हर समस्या का समाधान समय पर हो सके। उन्होंने पिपली, लाडवा, थानेसर और पूरे कुरुक्षेत्र के नागरिकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि विकास के कार्य निरंतर जारी रहेंगे। हम सब मिलकर ऐसा कुरुक्षेत्र बनाएंगे जहां आधुनिक सुविधाएं भी हों और हमारी सांस्कृतिक पहचान पहले से अधिक सशक्त हो।
वर्ष 2035 तक विकसित भारत के लक्ष्य के तहत विकसित राज्य बनकर उभरेगा हरियाणा — नवीन जिंदल
सांसद श्री नवीन जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश का विकास तेज गति से हो रहा है। इस गति से प्रदेश वर्ष 2035 तक विकसित भारत के लक्ष्य के तहत विकसित राज्य बनकर उभरेगा और दूसरे प्रदेश हरियाणा से प्रेरणा लेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंंत्री हर वर्ग के विकास के लिए योजनाएं लाकर उन्हें धरातल पर लागू कर रहे हैं। आज प्रदेश का हर वर्ग खुशहाल है और लगातार प्रदेश विकसित प्रदेश के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 10 गुणा गति से चल रहा काम — सुभाष सुधा
पूर्व राज्यमंत्री श्री सुभाष सुधा ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी व अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिपली विकास के क्षेत्र में चमक रहा है। प्रदेश में 10 गुना गति से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर को उमरी में संत शिरोमणि रविदास की यात्रा पहुंच रही है। इस यात्रा का उमरी में सबसे बड़ा स्वागत किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों को यात्रा में बढ़चढ़ कर शामिल होने का निमंत्रण दिया।इस मौके पर कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।